






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 मई 2022। गांव तोलियासर में राजपुरोहित समाज द्वारा ठाकुरजी मंदिर का जीर्णोद्वार करवाया गया है और इसी सुदंर मंदिर में भव्य आयोजन के साथ ठाकुरजी की मूर्ति को पुनस्थार्पित करते हुए विराजमान करने की जबरदस्त तैयारियां गांवभर में की जा रही है। उत्साह व उमंग के साथ राजपुरोहित समाज सहित पूरा गांव आयोजन को सफल बनाने के लिए सेवा सहयोग देने में जुटा है। तोलियासर सहित पूरे श्रीडूंगरगढ़ अंचल में आयोजन को लेकर उत्साह की लहर छा गई है। आयोजन के लिए विशाल पांडाल सजाया गया है, मंदिर को रंग बिरंगी रोशनियों से सजाते हुए पूरे गांव की साफ सफाई कर स्वागत द्वार बनाया गया है। आज गांव में वेदांताचार्य धन्नाराम जी का पदार्पण तोलियासर में होगा और महोत्सव का शुभारंभ आज शाम कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। आयोजन में 20 मई से 26 मई तक धन्नारामजी महाराज द्वारा भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। 25 मई को अखिल विश्व राजपुरोहित समाज के धर्मगुरू ब्रह्म धाम आसोतरा सावित्री के पीठाधीश्वरजी श्री श्री 1008 श्रीतुलछाराम जी तोलियासर पधारेंगे। श्रीतुलछारामजी महाराज की अगुवाई व स्वागत के लिए आस पास के सभी गांवो से राजपुरोहित समाज के नागरिक उपस्थित होंगे। बता देवें आयोजन को भव्यता देने के लिए राजपुरोहित समाज के युवा बुजुर्गों के निर्देशन में पूरजोर प्रयास कर रहें है जिससे आयोजन को दिव्य व यादगार बनाया जा सके। महाराज के स्वागत में विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। गत तीन वर्षों से अस्थाई रूप से विराजित मूर्ति की 27 मई को पुर्नस्थापना की जाएगी व इसी के साथ महोत्सव की पूर्णाहुति होगी।







