August 30, 2026
000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जनवरी 2026। एकसाथ अनेक बारातें आएगी, वर का स्वागत होगा, ढोल ताशे बजेंगे, मंगल गीत गाएं जाएंगे और फेरों के बाद उपहारों के साथ अनेक कन्याएं एकसाथ विदा होगी। ये दृश्य साकार होगा पहली बार श्रीडूंगरगढ़ में सेवा भारती समिति के बैनर तले आयोजित हो रहें सर्वजातीय विवाह समारोह में, जिसमें उत्सव की तरह समारोह के लिए आदर्श विद्या मंदिर स्कूल के खेल मैदान को सजाया जाएगा। उत्साह के साथ दुल्हन के लिए उपहारों की व्यवस्थाएं की जा रही है। तैयारियों को लेकर आयोजन समिति के सदस्यों की बैठक सेवाधाम छात्रावास के प्रांगण में शनिवार को अध्यक्ष श्यामसुदंर आर्य के सान्निध्य में संपन्न हुई। आर्य ने बताया कि राम जानकी सर्वजातीय विवाह समारोह की व्यापक तैयारियां की जाएगी। ये आयोजन विवाह समारोह में हो रहें फिजूल खर्च को रोकने की ओर एक नई पहल के रूप में किया जा रहा है। बैठक में शामिल समिति सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। जिसमें ललित डागा ने विवाह योग्य पंजीकरण करवाने वाली जोड़ी की पृष्ठभूमि की जानकारी लेकर कानूनी प्रक्रिया भी पूरी करवाने की सलाह रखी। वहीं महावीर माली ने वर्तमान में विवाह समारोह में हो रहें भोजन के अपव्यय पर रोक लगाए जाने के प्रति सजगता अपनाने की बात कही। शिक्षाविद् रूपचंद सोनी ने कन्या को विवाह में सामान्य व जरूरी सामान उपहार में देने की राय दी और दिखावा आडबंर को कम करने के बारे में विचार रखें। समिति के जिला मंत्री सुभाष चंद्र शास्त्री ने बताया कि विवाह समारोह में विवाह के लिए 15 जनवरी तक रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे। पंजीकरण करवाने वाले परिवार व युवा जोड़े सेवाधाम छात्रावास या समिति सदस्यों से संपर्क कर अपना नाम लिखवा सकते है। शास्त्री ने बताया कि आगामी 25 जनवरी को विवाह समारोह का आयोजन होगा। बैठक में गिरधारी जाखड़, परमेश्वर गोदारा, कन्हैयालाल जाखड़, कंचन देवी, भुवन करवा, लक्ष्मीनारायण भादू, गौरीशंकर सारस्वत, श्रवण भामूं, कुंभाराम घिंटाला शामिल हुए। सभी ने सक्रिय रूप से समारोह में सहयोगी बनने का संकल्प किया। शांति पाठ के साथ बैठक संपन्न की गई।