May 20, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 फरवरी 2026। क्षेत्र के गांव पूनरासर से बड़ी खबर आई है। यहां गांव की रोही में हमलावर जानवर जंगली सियार की पुष्टि हुई है। जानवर ने बकरी को जिस निर्ममता से खाया है, ग्रामीणों में दहशत का माहौल छा गया है।
गांव की रोही में शंकरनाथ पुत्र भोमनाथ के खेत में एक काश्तकार ढाणी बनाकर रहता है। यहां किसान खेती व पशुपालन कर रहा है और इसी ढाणी में बंधी बकरियों पर बुधवार को किसी सियार ने हमला कर दिया। जंगली सियार एक बकरी का बच्चा उठाकर भी ले गया। बकरियों पर अज्ञात वन्यजीव के हमले की सूचना मिलने पर सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी सुभाषचंद्र वर्मा मय रेंज स्टाफ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल पर पगमार्क के निशान संकलित किए। इन पगमार्क का सूक्ष्म एवं वैज्ञानिक अवलोकन किया गया। पदचिन्हों के विश्लेषण के पश्चात विभाग ने पुष्टि कि है कि हमलावर जानवर जंगली सियार (गीदड़) था। सत्यपाल सिंह ने बताया कि किसी अन्य बड़े हिंसक वन्यजीव की उपस्थिति के प्रमाण मौके पर नहीं मिले हैं। सिंह ने बताया कि पीड़ित किसान को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलवाने हेतु आवश्यक कार्रवाई प्रारम्भ कर दी गई है। सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जा रही है। वहीं विभाग ने ग्रामीणों से अपील की गई है, कि वे रात्रि के समय अपने पशुओं को सुरक्षित बाड़ो में रखें और उन्हें खुले में ना छोड़ें। विभाग ने किसी भी प्रकार की वन्यजीव गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की बात कही है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर की रोही में जंगली जानवर ने किया बकरी पर हमला, पहुंची वन विभाग की टीम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। टीम ने पगमार्क लेकर किया विश्लेषण, जंगली सियार की पुष्टि की।