August 30, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अगस्त 2026। श्रीडूंगरगढ़ में लंबे समय से लंबित ट्रॉमा सेंटर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने की मांग को लेकर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव सलीम भाटी एवं कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (नगर) को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। पूर्व में ट्रॉमा सेंटर के लिए भूमि आवंटित होने के बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्रवासियों में निराशा है। कांग्रेस नेता सलीम भाटी ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर शुरू होने से हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं के घायलों को समय पर उपचार मिल सकेगा तथा श्रीडूंगरगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। नित्यानंद पारीक ने कहा कि क्षेत्र के भामाशाह भी ट्रॉमा सेंटर के निर्माण में सहयोग देने को तैयार हैं। उन्होंने मांग की कि इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय को राजनीति से दूर रखते हुए पूर्व में आवंटित भूमि पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।
शिष्टमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ट्रॉमा सेंटर का शीघ्र शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस सेवादल के राजेश दाधीच एवं कांग्रेस नेता दलीप सिंह भी उपस्थित रहे। विदित रहें 5 अगस्त को ट्रोमा निर्माण शुरू करवाने की मांग को लेकर युवा नेता हरिराम बाना के आह्वान पर विशान प्रदर्शन भी क्षेत्रवासियों ने किया।