






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 मई 2026। सरदारशहर रोड स्थित रमन आईटीआई के विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी स्कूल, ठुकरियासर में गुरूवार को एक दिवसीय श्रमदान किया। अनुदेशक राधेश्याम एवं राकेश परिहार के नेतृत्व में भावी तकनीकीविदों ने अपने कार्य का प्रदर्शन करते हुए स्कूल के कमरों और हॉल में खराब पड़े लाइट-पंखों की मरम्मत की। इससे विद्यालय की लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या का समाधान हो गया।
प्राचार्य भागीरथ गोदारा ने विद्यार्थियों का सामाजिक सहयोग का उत्तरदायित्व निभाने पर आभार जताया। संस्थान के निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने बताया कि कॉलेज में विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व व सामूहिक सहयोग के भाव से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहें है। विद्यालय स्टाफ एवं विद्यालय प्रशासन तथा ग्रामीणों ने विद्यार्थियों के इस सहयोग की सराहना करते हुए बताया कि इससे स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों ने टीम भावना और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए सभी कार्य समय पर पूर्ण किए।




