






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अगस्त 2025। विद्युत निगम के ऊपनी जीएसएस पर कार्यरत तकनीशियन रामदेवसिंह ने ड्रेसडन जर्मनी में आयोजित 25वें वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में गोल्ड सहित कुल 4 मेडल जीते है। 37 वर्षीय रामदेव ने 30 से 39 आयुवर्ग में भाला फैंक ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में स्वर्ण पदक, लंबीकूद में रजत पदक और बॉल थ्रो व डिस्कस में कांस्य पदक जीता है। 17 से 23 अगस्त तक आयोजित वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में विभिन्न देशों के 1600 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें भारत से 57, राजस्थान से नौ और झुंझुनूं से दो, जयपुर से तीन और जोधपुर से एक खिलाड़ी शामिल हुए। रामदेव ने बताया कि 2012 में अपनी मां से जीवनरक्षक किडनी प्रत्यारोपण मिला था। उस समय गंभीर पेट की समस्या के कारण उनके गुर्दे फेल हो गए थे। उनका ठीक होने का सफर बेहद कठिन था और पूरा एक साल लगा। रामदेव खेलों के प्रति जुनूनी है और अब तक कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया है और कई पदक भी जीते है। रामदेव ने बताया कि ट्रांसप्लांट के बाद भी हिम्मत व जिजीविषा के साथ सामान्य जीवन जीना ही नहीं बल्कि खेलों में भाग लेना भी संभव है। बता देवें 8 साल तक रामदेव ने श्रीडूंगरगढ़ में अपनी सेवाएं दी है, अब वे ऊपनी में कार्यरत है और डेपुटेशन पर सालासर बालाजी में अपनी सेवाएं दे रहें है। रामदेव मूलत: खूड़ के पास कंवरपुरा के निवासी है। उन्हें समाजसेवी जुगलकिशोर तावणियां सहित उनके मित्रों व ऊपनी कार्यालय के साथी कार्मिकों ने शुभकामनाएं दी है।




