June 17, 2026
01-2

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जून 2026। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्रीमती रामप्यारी देवी सोनी (महेश्वरी) चैरिटेबल ट्रस्ट, कोलकाता (श्रीडूंगरगढ़) ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, सालासर में तीन बड़े कमरों एवं बरामदों के निर्माण का कार्य प्रारंभ कराया है। विद्यालय में कक्षाओं की कमी को देखते हुए ट्रस्ट द्वारा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह जनहितकारी कार्य करवाया जा रहा है। निर्माण कार्य का शुभारंभ ट्रस्टी नंदकिशोर सोनी एवं महेंद्र कुमार सोनी पुत्र स्वर्गीय भंवरलाल सोनी (कोलकाता) ने भूमि पूजन कर किया। इस प्रेरणादायी पहल के पीछे समाजसेवी भीखमचंद तापड़िया एवं इंद्रचंद तापड़िया की विशेष प्रेरणा रही। भामाशाहों ने कहा कि शिक्षा, धर्म एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में उनका सहयोग भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। विद्यालय में नए कमरों एवं बरामदों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। भूमि पूजन कार्यक्रम पूर्ण विधि-विधान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि श्रीमती रामप्यारी देवी सोनी (महेश्वरी) चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पूर्व में भी विद्यालय परिसर में पानी की टंकी का निर्माण करवाया जा चुका है। इसके अलावा एक वर्ष पूर्व गांव में हनुमानजी महाराज के मंदिर का निर्माण भी ट्रस्ट के सहयोग से कराया गया था। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुलदीप सिंह सिहाग, राजेंद्र प्रसाद, मोहनराम, बालूराम, लक्ष्मीनारायण, नारायणराम लुहार, एसएमसी के पूर्व अध्यक्ष रतनलाल कुलड़िया, किशनलाल, ओमप्रकाश, तोलाराम महिया, मनोज भांभू, संतोष कूकणा, संगीता जाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने शिक्षा क्षेत्र में निरंतर सहयोग देने के लिए सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।