






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 सितंबर 2024। सोमवार को जिले भर में चोरी, झीनाझपटी, धोखाधड़ी व ठगी के अनेक मामले सामने आए है। वहीं एक मामला मारपीट का दर्ज हुआ है। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की विशेष पेशकश क्राइम फाइल में पाठक जिले भर के थानों से पढ़े अपराध खबरें एकसाथ और रहें सतर्क व सावधान।
घर में घुसकर गहने व नगदी चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाने में स्वामियों का मोहल्ला निवासी चंद्रशेखर शर्मा पुत्र भंवरलाल स्वामी ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि सोमवार को रात 12 बजे से 12.30 बजे के बीच अज्ञात चोर ने उसके घर में घुसकर सोने चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर लिए। परिवादी ने बताया कि एक सोने की चैन, सोने का लोकेट, सोने की कनौती, कान के झुमके 4 जोड़ी, नाक की बाली 2, अंगूठी 2, मंगलसूत्र सहित चांदी का सामान व नगदी चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई रावताराम को दी है।
घरेलू सामान भी नहीं छोड़ा चोरों ने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाने में ही लक्ष्मीविहार निवासी कृष्ण विश्नोई पुत्र हरजीराम विश्नोई ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 8 सितंबर की रात चोरों ने उसके घर के सभी ताले तोड़कर चोरी कर ली। जिसमें घरेलू सामान, पंखे आदि तक नहीं छोड़ा और चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रामस्वरूप को दी है।
राह चलते युवती के हाथ से फोन छीन कर भागे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाने में ही वार्ड 9 निवासी आरजू गोदारा पुत्री देवीलाल जाट ने अज्ञात लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि सोमवार को पुलिस लाईन चौराहा के पास दोपहर करीब 1.45 पर वह जा रही थी। तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो लड़के पीछे आए और हाथ से मोबाईल छीनकर तेज गति से भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर एएसआई फुसाराम को दी गई है।
घर में घुसकर चोरों ने गहने नगदी किए चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छतरगढ़ थाने में चक 13 केपीडी जियावाली निवासी मनीराम पुत्र ख्यालीराम अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर को रात 1 बजे से 3 बजे के बीच उसके घर में अज्ञात चोर घुसे और 45,400 नगदी, 400 रूपए के सिक्के, सोने की तीन मूर्त, दो लोकेट, दो अंगूठी, चांदी के दो कड़े, चांदी की चैन, दो पाजेब, तीन सिक्के, चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल गजेंद्रसिंह को दी है।
बाड़े से सभी बकरियां की चोरी, नामजद के खिलाफ मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खाजूवाला थाने में गांव फाल निवासी ठाकुरसिंह पुत्र सोहनसिंह बावरी ने इसी गांव के प्रीतमसिंह बावरी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने 6 सितंबर की रात को उसके बाड़े से उसकी सारी बकरियां ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच जांच एएसआई श्रवणकुमार को सौंप दी है।
मोटरसाइकिल चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में वार्ड 19 निवासी श्यामसुदंर पुत्र गोपालराम नाई ने अज्ञात चोर के खिलाफ 8 सितंबर की शाम 4 बजे उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामले की जांच हैड कांस्टेबल पांचाराम को दी है।
दुकान में बैठे सुनार को ठग ले गए एक महिला सहित दो पुरूष ठग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महाजन थाना क्षेत्र के वार्ड 43 के निवासी हरिप्रसाद पुत्र कानीराम सोनी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि गांव जैतपुर में उसकी सोने चांदी के जेवरात बनाने व रेडिमेंट खरीदने बेचने की दुकान है। 21 अगस्त 2024 को एक महिला व दो पुरूष उसकी दुकान पर आए और सोने चांदी के आईटम लेकर चले गए। जब मैंने उनसे पैसे मागे तो उन लोगों ने शादी का बहाना बनाकर पुराने सोने के आईटम उसके पास गिरवी रख दिए। ये सोने के आईटम जब उसने बजाज फाईनेंस में गिरवी रख कर रूपए लिए तो उसके साथ हुई धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल सुरजाराम को दी है।
उपसरपंच पर मिलीभगत से प्लॉट के फर्जी पट्टे बनाने का आरोप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महाजन थाने में ही घमूडवाली निवासी ओमप्रकाश पुत्र गिरधारीलाल नाई ने रहीशा अलीशेर, शौकत अली, मुख्त्यार खां, व जुसुब खां, बजरंग, प्रेमरतन, राजकुमार, ताराचंद, श्रीदास व ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसने श्रीदास से 4 भूखंड 14 लाख में सौदा किया। 12 मार्च 2013 को उसने पूरी राशि देकर बैनामा करवा लिया। अब परिवादी को जानकारी मिली कि 2009 में तत्कालीन सरपंच किशनलाल पुरोहित का देहांत होने पर उपसरपंच रहीसा के पास सरपंच का पदभार था। रहीसा ने आरोपियों के साथ मिलकर उसके पट्टा संख्या 60,61,62,64 के पट्टे बना दिए गए जो परिवादी के खरीदे हुए है। परिवादी ने आरोपियों से रूपए लौटाने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया। धोखाधड़ी कर भूखंड और रूपए हड़प लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी कश्यपसिंह को दी है।
शराब के लिए रूपए नहीं देने पर पीट युवक को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में कुदसु निवासी सुरेश पुत्र राजाराम विश्नोई ने इसी गांव के गोपाल पुत्र जीतुराम व मनोज के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 8 सितंबर को उससे शराब पीने के लिए रूपए मांगने, नहीं देने पर मारपीट करने, परिवादी से 20 हजार रूपए जबरदस्ती छीन लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच एसआई शारदा को दी है।



