






दो अज्ञात नकाबपोश घुसे घर में, महिला को धमकाकर लूट लिए लाखों।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव हिम्मटसर में दो नकाबपोश घर में घुसे और एक महिला को धमकाकर लाखों रूपए लूट लिए। नोखा थाने में हिम्मटसर निवासी 19 वर्षीय अभिषेक पुत्र जगदीशप्रसाद बाहेती ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे दो अज्ञात नकाबपोश जनों ने परिवादी के घर में घुसकर उसकी माता को चाकू की नोक पर डरा धमकाकर रूपयों के बारे में पूछा व उसके घर में रखें 2 लाख 40 हजार रूपए व सोने का मांदलिया जबरदस्ती छीनकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई पूर्णमल को दी है।
बैंक में घुसकर की गाली गलौच, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जेएनवीसी थाने में शिवबाड़ी रोड पर स्थित कैनरा बैंक के सहायक महाप्रबंधक ज्ञानरंजन गौतम पुत्र राजेंद्र रंजन निवासी पटना ने भंवरलाल व तीन चार अन्य जनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि जयपुर रोड पर स्थित कैनरा बैंक के रिजनल कार्यालय पर शाम 5.20 पर भंवरलाल व तीन चार अन्य जने बैंक में घुसे और स्वयं को राना भाई के आदमी होना बताया। बैंक में घुसते ही बैंक कर्मचारियों के ऊपर जोर जोर से चिखने चिल्लाने लगे और गाली गलौच करते हुए धमकियां देने लगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई मांगीलाल को दी है।
पालिका चैयरमेन सहित अन्यों पर भ्रष्टाचार का मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खाजूवाला थाने में हनुमानजी मंदिर के पास रहने वाले मोहनलाल पुत्र पेमाराम मोची ने पालिका चैयरमेन व अशोक कुमार पुत्र मालाराम खटीक सहित अन्य 10 जनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने 1 जुलाई 2024 से 30 नवंबर 2024 तक जाली दस्तावेज से उसका प्लाट हड़प लिया व सरकारी जमीन पर अपने रिश्तेदारों से कब्जा करवा दिया। सरकारी विकास के नाम पर करोड़ों रूपयों का गबन किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई श्रवण कुमार को दी है।
अवैध लकड़ी परिवहन करते हुए जब्त की पिकअप, मालिक धमकाते हुए ले गया पिकअप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महाजन थाना क्षेत्र में जैसलमेर निवासी अशोक पुत्र प्रह्लादराम मेघवाल हाल क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रथम लूणकरणसर ने मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 21 दिसंबर 2024 को मुखबीर की सूचना पर वह टीम के साथ जैतपुर हाइवे के पास गुजरने वाले वाहनों की लकड़ी के अवैध परिवहन की जांच कर रहें थे। तभी एक पिकअप में लकड़ी होने के शक में रोकने का प्रयास किया तो जैतपुर टोल नाके के पास खड़ा किया गया। वाहन से ड्राईवर भाग गया। जब वहां पहुंचे तो मोबाइल नबंर पिकअप मालिक से संपर्क किया तो मालिक देवीलाल अपने साथियों के साथ आया व लकड़ी को पीकअप से उतार दिया। उनके द्वारा मना किया गया तो पिकअप चालक ने उसे गाड़ी के पास आने से मना करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी। पिकअप चालक के खिलाफ राजकीय कार्मिक को धमकाने व राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच एसआई कश्यपसिंह को दी है।
रास्ते पर झगड़ा करते हुए की मारपीट, दो नामजद के खिलाफ मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नयाशहर थाने में जस्सूसर गेट निवासी 21 वर्षीय नवरतन पुत्र बंशीधर ब्राह्मण ने मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि सिकंदर उर्फ शकूर व राजेश आचार्य ने रविवार रात 8 बजे के करीब उससे झगड़ा करने लगे। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की व पट्टी के टुकड़े, पत्थर फैंककर जान से मारने की नियत से सिर पर वार किया। जिससे परिवादी के बाएं पैर पर पत्थर से चोट आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई नरेंद्रसिंह को दी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से टैक्सी सवार एक की मौत, एक गंभीर घायल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में रायसर निवासी बाबूलाल पुत्र सुगनाराम नायक ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे अज्ञात वाहन चालक ने टैक्सी में सवार उसके भाई व साला के टक्कर मार दी। जिससे परिवादी के भाई की मौत हो गई व साले का पीबीएम में ईलाज किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई ओमप्रकाश को दी है।
धोखाधड़ी से बेच डाली जमीन, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बज्जू थाने में सुरपुरा, नोखा निवासी उमाराम पुत्र लालूराम मेघवाल ने नोखा निवासी भंवरलाल पुत्र घीसाराम हरिजन व बांगड़सर निवासी श्यामू खां पुत्र भाई खान के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने धोखाधड़ी से उसकी जमीन बेच दी। पुलिस ने मामला दर्ज करवा जांच एएसआई प्रेमसिंह को दी है।



