






संभागीय आयुक्त व एसडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण, दी बच्चों को पढ़ने की प्रेरणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को संभागीय आयुक्त नीरज के. पवन एवं उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने क्षेत्र के पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। पवन ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित बीएलओ से हाउस टू हाउस सर्वे की रिपोर्ट, दिव्यांग जनों की मैपिंग तथा न्यूनतम आधारभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। संभागीय आयुक्त ने सभी बीएलओ को एवं सुपरवाइजर को चुनाव संबंधी कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से पोर्टल पर कार्य बंद हो जाएगा तो उससे पहले सभी कार्य पूरे करने आवश्यक है। साथ ही बीएलओ को उनके बीएलओ ऐप पर आए हुए ऑनलाइन फॉर्म के 15 जुलाई से पूर्व हर हाल में निस्तारण करने हेतु कहा गया। इस दौरान स्कूलों में बने बूथों पर आयुक्त ने छात्र छात्राओं से भी बातचीत की और उन्हें पढ़ने की प्रेरणा दी। उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने संभागीय आयुक्त को पोलिंग बूथों की जानकारी प्रदान की तथा विधानसभा क्षेत्र की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

छात्रावास विकास समिति सदस्यों ने शिक्षा व्यवस्था पर किया चिंतन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को महर्षि दयानंद सरस्वती छात्रावास विकास समिति की बैठक एडवोकेट श्यामसुन्दर आर्य की अध्यक्षता में छात्रावास प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक में छात्रावास में चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा की गई। बैठक में सदस्यों ने शिक्षा पर चिंतन करते हुए विचार विमर्श किया। एडवोकेट श्यामसुन्दर आर्य ने कहा कि शिक्षा के द्वारा ही समाज एवं राष्ट्र का विकास सम्भव है और समिति शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु दृढ़ संकल्पित है। बालक एवं बालिकाओं को अच्छी शिक्षा हेतु छात्रावास, कॉलेज, स्टेडियम, लाइब्रेरी, खेल ग्राउंड एवं स्थायी सांघठनिक व्यवस्था के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में त्वरित बदलाव हेतु प्रत्येक व्यक्ति की रचनात्मक भूमिका अपेक्षित है। बैठक में सुशील सेरडिया ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत कर विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में क्रय विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष तुलछीराम गोदारा, पूर्व सरपंच केशुराम कस्वा, पूर्व सरपंच लक्ष्मणराम खिलेरी, गणेश पोटलिया, तोलाराम सिहाग, मांगीलाल जाखड़, रेवंतराम दुसाद, लालाराम खिलेरी, रामचंद्र गिला, रामेश्वर लाल जाखड़, जितेन्द्रसिंह खिलेरी, जालूराम जाखड़, भगवानाराम महिया, भंवरलाल जाखड़, गणेशाराम जाखड़, विक्रम महिया, हरिराम पुनियाँ, श्याम सारण सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे । छात्रावास अधीक्षक श्रवण कुमार भामू ने सभी का आभार जताया।

छात्र संगठन ने पेयजल आपूर्ति की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छात्र संगठन एसएफआई के सदस्यों ने बुधवार को जलदाय विभाग पहुंच कर पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की। संगठन के तहसील अध्यक्ष गौरव टाडा, साचिव गोपी पुनिया, ताहिर काजी सहित अनेक सदस्यों ने विभागीय अधिकारी बृजमोहन मूंड, जेईएन बजरंग, सप्लाई ठेकेदार अब्दुल से शहर में सप्लाई समस्याओं का निवारण करने की मांग की। मूंड ने सोमवार तक नई समय सारणी जारी करने का आश्वासन दिया।




