May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अगस्त 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लंपी से गांवो में प्रति दिन मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है और इससे चिंतित युवा टीमें जागरूकता के साथ बेसहारा गौवंश के प्राण बचाने के लिए अनेकों प्रयास कर रहें है।
रिड़ी में युवाओं ने बनाएं पौष्टिक लड्डू, बेसहारा गौवंश को खिलाएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कहीं रोटियां बना कर तो कहीं पौष्टिक दलिया खिला कर लंपी ग्रस्त गौवंश की मदद की जा रही है। गांव रिड़ी में युवाओं ने श्री जसनाथजी मन्दिर में लंपी पीड़ित गौवंश के लिए पौष्टिक देशी लड्डू बनाएं। युवाओं ने लड्डू में बाजरे का दलिया, हल्दी, कालीमिर्च, काला जीरी, गुड़, आमला, तुलसी पता ,नीम, बीलवपत्र व जरूरी दवाइयां मिलाई। युवा टीम द्वारा गांव में सभी स्थानों पर बेसहारा गौवंश को लड्डू खिलाएं। युवाओं ने बताया कि ये लड्डू लंपी रोग से लड़ने में गौवंश की मदद करेंगे। सक्रिय युवाओं ने इसमें सेवा दी तथा टीम ने कहा कि ये सेवा लगातार जारी रहेगी। वहीं रिड़ी में ही युवाओं ने लापसी बनाई व गौवंश को खिलाई। लापसी की सेवा देने में रामनिवास, शंकरनाथ, मदन बलिहारा, सहित अनेक युवा मौजूद रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रिड़ी में युवाओं ने लंपी पीड़ित गौवंश के लिए बनाएं लड्डू।

बाडेला में भी गौवंश को खिलाएं पौष्टिक लड्डू।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बाडेला में गिरधर गोपाल गौशाला में गौसेवार्थ युवा संगठन ने गौवंश के लिए पौष्टक लड्डू बनाए। आयुर्वेदिक पशुपालन विभाग के दिशा निर्देशानुसार एक लड्डू में एक समान की मात्रा में 5ग्राम दालचीनी, 5ग्राम सोंठ, 10 नग काली मिर्च, 10 पत्ते तुलसी, गुड़ और बाजरी के आटे में मिलाकर युवाओं ने 2000 लड्डू तैयार किए। पशु चिकित्सक आदुराम सिहाग के निर्देशन में सामग्री का मिश्रण कर उससे लड्डू बनाए गए और गौवंश को खिलाए। इस दौरान दानाराम ज्याणी, मूलाराम सारण, बाबूलाल ज्याणी, कालूराम सारण, बगड़ावत, बजरंग, गोपाल, रोहित, लीलाधर, वासुदेव, महावीर, बजरंग तिवाड़ी, ओमप्रकाश सहित संगठन के अनेक युवाओं ने सेवा सहयोग किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बाडेला में युवाओं ने गौवंश को खिलाएं पौष्टिक लड्डू।

जाखासर में बेसहारा गौवंश को दवाएं देकर टीका लगवाया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव जाखासर में लंपी की रोकथाम के लिए गौसेवार्थ युवा टीम आगे आई और बेसहारा गौवंश को दवाएं दी तथा टीके भी लगावाए। टीम ने जानकारी दी की गत तीन दिनों से सेवा कार्य जारी है आगे भी जारी रहेगा। टीम में रामेश्वर स्वामी, लख्मण सिंह, सुरेश कुमार हालु, धर्माराम हालु सहित अनेक युवाओं ने अपनी सेवाएं दी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव जाखासर में युवा टीम द्वारा बेसहारा गौवंश को दवाइयां दी।

लखासर में पशुपालकों की जागरूकता बैठक संपन्न हुई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लंपी बीमारी की बढ़ती आफत को देखते हुए गांव लखासर में पशुपालकों की बैठक बुलाई गई। ग्रामीणों ने पशुधन को बचाने के लिए हरसम्भव प्रयास करने की चर्चा करते हुए लापरवाही नहीं बरतने का संकल्प लिया। मृत पशु के निस्तारण के लिए सरकार व पशुपालन विभाग की गाईडलाईन की पालना करनें व कराने की जिम्मेदारी मौजूद सभी लोगों ने ली एवं आवारा मृत पशु के निस्तारण जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच प्रतिनिधि गोवर्धन खिलेरी ने ली। जागरूक युवा रेवन्तराम खिलेरी ने कहा कि बचाव के उपाय अपनाने में पशुपालक कोताही नहीं बरतें अन्यथा पशुधन को खतरा ओर बढ़ जाएगा। बैठक में पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश नायक, पशु चिकित्साधिकारी कमलेश धवल, उप सरपंच सज्जन सिंह तंवर, से.नि. सहायक उप निरीक्षक अमरचंद नाई, लक्ष्मण राम खिलेरी, धन्नेसिंह तंवर, मोहन फौजी, दानाराम गेट, आसूराम शर्मा, लालसिंह फौजी, लिखूराम प्रजापत, जेठाराम सांसी, भैरूसिंह राठौड, खि़याराम नायक, गणेश खिलेरी, लेखराम खिलेरी, सांवर नाई, बीजू नाई, भीखाराम नाई, ओमप्रकाश खिलेरी, मदन फौजी, मघसिंह तंवर, बंजरग सिह तंवर, कोजूराम नायक, जगदीश खिलेरी, पेमाराम मायल, रमेश प्रजापत, जुगल राठौड़ सहित सैकड़ों बुजुर्ग युवा उपस्थित रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लखासर में हुई लंपी रोग जागरूकता के लिए बैठक।

भोजास में युवाओं ने गौवंश को खिलाया पौष्टिक आहार, पिलाया काढ़ा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव भोजास में अटल युवा विकास मंडल के युवाओं ने गांव में लंपी पीड़ित गौवंश को गत पांच दिनों से देशी काढ़ा पिलाया जिससे सुधार आने का दावा किया है। युवा टीम काढ़े में देशी घी, हल्दी, गिलोय, काली मिर्च, शक्कर का मिश्रण बनाया जा रहा है। ये टीम गौवंश को खल, चुरी, गुड़ का चाटा बना कर पौष्टिक आहार भी खिलाने के प्रयास कर रही है। इस कार्य में मदनसिंह राजपुरोहित की प्रेरणा से अनेक युवा व ग्रामीण सहयोग कर रहें है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव भोजास में युवा टीम ने गौवंश को लगवाए टीके।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भोजास में युवा टीम ने पौष्टिक आहार बना कर खिलाया बेसहारा गौवंश को।

गौमाता को दी भावभीनी विदाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लंपी से पीड़ित गौवंश को घर से निकाल देने व उसकी मौत हो जाने पर भी उसका निस्तारण नहीं करवाने की घटनाएं गौसेवी संस्थाओं के सामने लगातार आ रही है। परंतु कस्बे में एक गाय मालिक ने अपनी लंपी ग्रस्त गाय की मौत हो जाने पर भावभीनी अंतिम विदाई दी। बजरंग मूंधड़ा ने बताया कि अमीर पट्टी में दुकान करने वाले सुदंर भूतड़ा की गाय 15 दिन से लंपी से संघर्ष कर रही थी और शनिवार रात 11 बजे उसकी मौत हो गई। भूतड़ा रात भर उसके पास बैठे रहे व सुबह गाजे बाजे के साथ उसकी अंतिम यात्रा निकाली। गाय को समाधि दी गई और भूतड़ा ने कहा कि जीवन भर हमें अपना दूध पीलाकर पोषण करने वाली गाय की मौत हो जाने पर उसे लावारिस छोड़ देने के लिए आत्मा ने ग्वारा नहीं किया। आस पास के नागरिकों ने उनकी भावनाओं के लिए सद्भाव प्रकट किया। बता देवें सरकारी गाइडलाइन के अनुसार लंपी पीड़ित पशु का निस्तारण भूमि में गाड़ कर करना चाहिए और इस दृष्टि से इस रोग को फैलने में बढ़ावा नहीं देकर भूतड़ा ने अपनी जिम्मेदारी भी निभाई है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लंपी पीड़ित गाय की मौत होने पर मालिक ने दी परिवार सहित दी भावभीनी अंतिम विदाई।