






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अप्रेल 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से कुछ खास खबरें पढें एक साथ एक नजर में और अपडेट रहें क्षेत्र के समस्त समाचारों से।
शिविरों का पूर्ण बहिष्कार करेंगे कार्मिक, दी चेतावनी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्व सेवा परिषद के बेनर तले राजस्थान तहसीलदार सेवा परिषद, राजस्थान कानूनगो संघ व राजस्थान पटवार संघ का धरना उपखंड मुख्यालय श्रीडूंगरगढ पर आज तीसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर तहसीलदार राजवीर कड़वासरा, नायब तहसीलदार रमेश सिंह, उपतहसीलदार रतनलाल रोहलण, पटवार संघ के जिलाध्यक्ष पर्वत सिंह, कानूनगो संघ के जिलाध्यक्ष सतवीर सिंह पचार सहित पटवारी गिरदावर उपस्थित रहें। पर्वतसिंह ने बताया कि यदि सरकार राजस्व सेवा परिषद् की मांगे नहीं मानती है तो दिनांक 24 अप्रैल से होने वाले प्रशासन गांवों के संग अभियान सहित पूर्ण बहिष्कार जारी रखा जाएगा।

सफाई कार्मिकों की भर्ती में वाल्मीकि समाज को मिले प्राथमिकता, जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ में 129 पदों पर सफाई कार्मिकों की भर्ती निकलने पर वाल्मीकि समाज श्रीडूंगरगढ़ ने मुख्यमंत्री सहित सफाई आयोग सदस्य ओमप्रकाश लोहिया, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा व पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा का आभार जताया। एडवोकेट पुखराज तेजी ने सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता देने की मांग की है। तेजी ने कहा इससे वाल्मीकि समाज व शहर का हित होगा हो और सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो सकेगी।
मोमासर में मनाई ईद, गले मिलकर दी मुबारकबाद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मोमासर में आज मुस्लिम समुदाय ने धूमधाम से ईद मनाई। आडसर रोड स्थित बड़ी ईदगाह में मौलाना नऊर उल इस्लाम ने नमाज अदा करवाई। बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज की व अमन चैन की दुआ मांगी। नागरिकों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। जरूरतमन्दों को जकात भी दी गयी और घरों में मिठाइयां बनाई गई।











