






डॉ. यशदेव शास्त्री, बाबा शैलेंद्र नाथजी महाराज, स्वामी गणेशानंदजी व योगगुरू राजनाथजी ने श्रीडूंगरगढ़ पहुंच किया पौधारोपण, आने वाली पीढ़ी के लिए बताया उपहार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पतंजलि ग्रामोद्योग, हरिद्वार के महामंत्री डॉ. यशदेव शास्त्री, झुंझुनूं के मुकुंदगढ़ के कामधेनु सेवा संस्थान के संत व मां कामख्या के भक्त अघोरी बाबा शैलेंद्र नाथ, ज्ञान ज्योति गुरुकुलम रेवला धाम के संस्थापक स्वामी गणेशानन्द सरस्वती, प्रसिद्ध योग शिक्षक स्वामी राजनाथ लेघा सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। इन्होंने खाखी धोरा स्थित शास्त्री कृषि फार्म पर पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में डॉ यशदेव शास्त्री ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को स्वच्छ और स्वस्थ बनाता है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को भी संरक्षित करता है। आज हम जिस तेजी से प्राकृतिक संसाधनों का उपभोग कर रहे हैं, उससे निपटने का सबसे अच्छा तरीका है अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना। सभी अतिथियों ने एक वृक्ष का रोपण आने वाली पीढ़ी के लिए उपहार स्वरूप बताते हुए सभी को अधिकाधिक वृक्षारोपण की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के आयोजक सुभाषचंद्र शास्त्री ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए प्रतिवर्ष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन कर पर्यावरण की दिशा में स्थाई पहल का संकल्प लिया।

बॉल बैडमिंटन टीम बीकानेर का दबदबा कायम, उपविजेता टीम में बाना शामिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। यूथ स्टेट लेवल बॉल बैडमिंटन टूर्नामेंट में बीकानेर ने अपना दबदबा लगातार कायम रखा है। प्रतियोगिता में बीकानेर की बालिका वर्ग में प्रथम स्थान व बालक वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया हे। बालक वर्ग उपविजेता टीम में श्रीडूंगरगढ़ के गांव बाना के खिलाड़ी चंद्रभान बाना शामिल रहें। प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 28 जुलाई तक पीएमश्री जवाहर राउमावि कुचामन सिटी में आयोजित हुआ। क्षेत्र में चंद्रभान के परिवार सहित जानकारों ने उन्हें बधाई दी।

राधिका सत्संग मंडली ने भोले के कीर्तन का आयोजन किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सावन में चारों ओर श्रद्धालु शिव भक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहें है। सोमवार को राधिका सत्संग मंडली द्वारा बिग्गाबास स्थित धोरे के गणेश मंदिर में भोले के कीर्तन का आयोजन किया गया। मंडली की महिलाओं ने कीर्तन में भाग लिया व झूमते हुए भजनों का आनंद लिया।

माहेश्वरी महिला मंडल ने शिव महिमा के पाठ का आयोजन किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ताल मैदान के माताजी मंदिर में सोमवार को माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा शिव महिमा पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडल की महिलाओं ने आयोजन में भाग लिया व हर हर महादेव के जयकारे लगाए।





