






गौसेवार्थ सप्त दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के पहले दिन बताया कथा का माहात्म्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार को सनातन श्मशान भूमि में सप्त दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव प्रारंभ हो गया। सीताराम मंदिर से गाज बाज के साथ कलश यात्रा निकाली गई जिसमें मंगल कलश लेकर शिव भक्त कथा स्थल तक पहुंचे। कथा वाचक संतोषसागर जी महाराज ने पहले दिन शिव पुराण कथा की भूमिका बांधी। उन्होंने कथा का माहात्म्य बताते हुए काशी, कालभैरव, माँ अन्नपूर्णा की महिमा का गुणगान किया। श्मशान में कथा गान को काशी में कथा के समान बताया। महाराज ने कथा में प्रेम भाव से शामिल होना ही कथा श्रवण को सार्थक बनाता है। आज की कथा के यजमान भंवरलाल मल्ल रहें। शामिल श्रद्धालुओं ने आरती पूजन में भाग लिया। विदित रहें यहां शिवपुराण कथा व रूद्राभिषेक का आयोजन गौमाता भंडारा गौशाला समिति द्वारा गौसेवार्थ किया जा रहा है। 26 फरवरी को शिवपुराण कथा पूर्ण होने के बाद रातभर रूद्राभिषेक पूजन प्रांरभ होगा। पूजन में आमजन भाग ले सकेंगे जो समिति से संपर्क कर अपना पंजीयन करवा सकते है।

प्रदेश में कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित नहीं रहेगा – खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों को पहुंचाने के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध है। वंचित पात्र परिवारों का खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने के लिए राज्य सरकार द्वारा 26 जनवरी 2025 से पोर्टल खोला जा चुका है। इस योजना का लाभ लेने के लिए लगातार पात्र व्यक्ति ई-मित्र एवं विभागीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रभावी प्रयासों से राजस्थान में खाद्य सुरक्षा योजना से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहेगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गुरुवार को प्रश्नकाल में इस संबंध में सदस्य द्वारा पूछे गये पूरक प्रश्न का जवाब दे रहे थे। इससे पहले विधायक देवीसिंह शेखावत के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले में दिसम्बर 2024 तक खाद्य सुरक्षा योजना में 2 लाख 11 हजार 678 परिवार एवं 9 लाख 5 हजार 719 यूनिट जुडे़ हुये हैं, जो नियमित रूप से इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले में खाद्य सुरक्षा योजनान्तर्गत नाम जोड़ने हेतु सीलिंग सीमा समाप्त होने के कारण 26 हजार 702 आवेदन लंबित रहे थे। भारत सरकार द्वारा निर्धारित सीलिंग सीमा 4 करोड़ 46 लाख 61 हजार 960 के अनुसार उपलब्ध व रिक्त स्थान के विरूद्ध वंचित पात्र लाभार्थियों को राष्ट्री्य खाद्य सुरक्षा योजना में शामिल किये जाने हेतु कार्यवाही जारी है। गोदारा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र बानसूर में कुल 58 हजार 596 परिवार खाद्य सुरक्षा योजना में जुडे हुए हैं। जिनको E-PoS मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन पश्चात नियमानुसार खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिया जा रहा है।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री शुक्रवार को आएंगे बीकानेर
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू शुक्रवार प्रातः 9:50 बजे हवाई मार्ग से बीकानेर नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके पश्चात एयरपोर्ट से प्रातः10:10 बजे सर्किट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे। साहू प्रातः 11 बजे केंद्रीय बजट 2025-26 पर प्रेसवार्ता करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन करेंगे। वे 5 बजे देशनोक से बीकानेर सर्किट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके पश्चात सायं 4 बजे केंद्रीय बजट 2025-26 पर प्रबुद्धजन व मध्यवर्गीय परिवार सम्मेलन में शामिल होंगे। उसके पश्चात रात्रि 9:50 बजे सर्किट हाउस से बीकानेर रेलवे स्टेशन के लिए प्रस्थान करेंगे।



