






राजकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों को सड़क पर सतर्क रहने की दी सलाह, शामिल हुआ स्टाफ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य महावीर नाथ ने विद्यार्थियों को सड़क पर सतर्क होकर चलने व दुपहिया वाहनों व चारपहिया वाहनों को तय गति से तेज नहीं चलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा सभी विद्यार्थी अपने परिजनों को भी सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देकर उन्हें सड़क पर सावधान होकर चलने की प्रेरणा देने की बात कही। जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकें व रोकथाम हो सकें। कार्यक्रम प्रभारी दलीपसिंह सेरडिया ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेलमेट व सीट बेल्ट के बिना वाहन चलाना ना केवल गैरकानूनी है वरन जान पर खतरा भी है। सेरडिया ने सभी विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लेने की बात कही। इस दौरान कार्यक्रम में अमित तंवर, निशा सोडा सहित पूरा स्टाफ व सभी विद्यार्थी शामिल हुए। प्राचार्य महावीर नाथ ने सभी का आभार जताया।

शेरूणा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी का अंबार, सफाई की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लोक समता समिति के अध्यक्ष एडवोकेट भरतसिंह राठौड़ ने सोमवार को शेरूणा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। राठौड़ ने बताया कि केंद्र में जगह जगह कचरे के ढेर लगे है और प्रभारी डॉ भी अनुपस्थित थे। इस बीच स्वास्थ्य कार्मिकों ने बताया कि उन्हें पीएचसी की सफाई के लिए कोई बजट नहीं मिल रहा है। इस पर राठौड़ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीकानेर व बीसीएमओ श्रीडूंगरगढ़ को पत्र लिखकर होली से पूर्व परिसर को साफ करवाने की मांग की है।
देराजसर में हुआ चंग धमाल का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव देराजसर के पूनियां पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में सोमवार को होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह सोमवार दोपहर डेढ़ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक करीब चार घंटे चला। समारोह में राजस्थान की प्रसिद्ध चंग पार्टी राजलदेसर की ओर से सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। कलाकारों ने चंग व बांसुरी की धुन पर लोक गीतों के गान से जनसमूह का मन मोह लिया। कलाकारों ने धमालों के माध्यम से लोक देवताओं को याद कर सभी की समृद्धि की कामना की। चंग की थाप पर रसिएं ताल से ताल मिलाकर ऐसे थिरके कि कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग झूमने लगे। शाला निदेशक रामचन्द्र पूनियां ने सभी का आभार जताया।

गौशाला संघ के जिलाध्यक्ष का जन्मदिन मनाया, एकादशी पर की गौसेवा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवार को गौ ग्राम सेवा संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं बीकानेर गौशाला संघ जिलाध्यक्ष सूरजमाल सिंह नीमराना का जन्मदिन कोटासर गौशाला समिति के सदस्यों ने गौसेवा कर मनाया। समिति सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए गौशाला संचालन में मार्गदर्शन करने के लिए आभार जताया। वहीं दूसरी और रंग एकादशी पर अनेक दानदाता गौसेवा में सहयोगी बने। श्रीडूंगरगढ़ निवासी गणेशमल राठी, गंगाशहर निवासी राजेंद्र कुमार जोशी, दुलचासर के राजेंद्र प्रसाद सोनी, रामेश्वरलाल सुथार ने गौसेवा में योगदान दिया। समिति सदस्यों ने दानदाताओं का आभार जताया।




