






प्रत्येक नागरिक देश सेवा का चिंतन रखें और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देवें- अशोक सुथार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नवनियुक्त क्षेत्र के युवा अशोक सुथार का मंगलवार को गांव बिग्गाबास रामसरा के शहीद कैप्टन चन्द्र चौधरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में स्वागत सम्मान किया गया। इस मौके पर अशोक ने अपने उद्बोधन में प्रत्येक नागरिक द्वारा सदैव देश सेवा का चिंतन रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि लोग अपने शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान रखें। इस दौरान सरपंच लक्ष्मणराम जाखड़ ने सुथार को युवाओं के लिए प्रेरणीय बताते हुए उनका सम्मान किया। स्कूल के स्टाफ ने भी अशोक सुथार का सम्मान किया। कार्यक्रम में हीरालाल, श्रवणराम, सीताराम, मदनलाल, मोहनलाल, गोविंदराम सहित स्कूल स्टाफ व विद्यार्थी शामिल हुए। अशोक सुथार ने शहीद कैप्टन चंद्रचौधरी को पुष्पाजंलि अर्पित की।

स्वच्छ गांव के लिए बैठक संपन्न, कल से गलियों में होगा कचरा संग्रहण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायत मोमासर में बुधवार को स्वच्छ राजस्थान के तहत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सरपंच, गांव की सफाई व्यवस्था में एक ट्रॉली की सेवा देने वाले सुरवि चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधि व ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में गांव की सफाई व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा करते हुए गुरूवार से गांव की गलियों में कचरा संग्रहण किए जाने की कार्ययोजना बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सरपंच सरिता देवी, उपसरपंच जुगराज सहित सामाजिक कार्यकर्ता विद्याधर शर्मा, गोपाल गोदारा, मनफूल गोदारा, बजरंग सोनी, ट्रस्ट के सीएसआर हेड राजेश रोहिल्ला, पर्यावरण समन्वयक कालीचरण, सुपरवाइजर मदन शर्मा, ट्रेक्टर ट्रॉली ड्राइवर व सफाई कर्मी मौजूद रहें।

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में आवेदन की समय सीमा बढ़ाई, जिले में तीन सौ से अधिक कन्याओं को मिला 133 लाख का अनुदान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुख्यमंत्री कन्यादान योजनान्तर्गत समाज के निर्धन एवं कमजोर वर्गों के कल्याणार्थ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना ने अनेक परिवारों को संबल प्रदान करते हुए लाभांवित किया है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में आवेदन की समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय, इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत सरकार लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने बताया कि योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले में 319 कन्याओं को अनुदान के रूप में 133.01 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई। पंवार ने बताया कि योजनान्तर्गत सभी वर्गों के बी.पी.एल परिवार, आस्थाकार्ड धारी तथा आर्थिक दृष्टि से ऐसे कमजोर परिवार, जिनमें कोई कमाने वाला वयस्क नहीं है, की विधवा महिलाओं की पुत्रियों के विवाह हेतु सहायता राशि उपलब्ध करायी जाती है। यह सहायता राशि 18 वर्ष या अधिक आयु की किन्हीं दो कन्या सन्तानों के विवाह हेतु देय होगी। योजना के तहत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अल्पसंख्यक वर्ग के बीपीएल परिवारों की 18 वर्ष या इससे अधिक आयु की कन्या के विवाह पर देय सहायता राशि 31 हजार रुपए है। कन्या के दसवीं पास होने पर 10 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि सहित कुल 41 हजार रुपए एवं कन्या के स्नातक उत्तीर्ण होने पर 20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि सहित कुल 51 हजार रुपए की राशि देने का प्रावधान है। यह सहायता राशि अधिकतम 2 पुत्रियों के विवाह पर ही देय है। इसी प्रकार अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अल्पसंख्यक वर्ग के बीपीएल परिवारों को छोड़कर शेष सभी वर्गों के बीपीएल परिवारों, अंत्योदय परिवार, आस्था कार्ड धारी परिवार, आर्थिक दृष्टि से कमजोर विधवा महिलाओं की 18 वर्ष या अधिक आयु की कन्या, उत्कृष्ट महिला खिलाड़ी के स्वयं के विवाह पर, पालनहार योजना में लाभार्थी की कन्या के विवाह पर, दिव्यांगजन की पुत्री के विवाह पर 21 हजार रुपए राशि देय होगी। कन्या के दसवीं पास होने पर 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि सहित कुल 31 हजार रुपए एवं कन्या के स्नातक उत्तीर्ण होने पर 20 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि सहित कुल 41 हजार रुपए की राशि देने का प्रावधान है। संयुक्त निदेशक ने बताया कि योजनान्तर्गत आवेदन ऑनलाईन ही स्वीकार्य है। आवेदन के लिए प्रार्थी ई-मित्र कियोस्क अथवा स्वंय की एस.एस.ओ. आई डी द्वारा जनआधार के माध्यम से विभागिय पॉर्टल पर आवेदन कर सकते है। आवेदन विवाह दिनांक से 1 वर्ष के भीतर ऑनलाइन करना अनिवार्य होगा। योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु मूल निवास प्रमाण पत्र/मतदाता पहचान पत्र/राशनकार्ड की प्रति, बैंक खाता संख्या व पासबुक फोटो प्रति, आधारकार्ड एवं जनआधार कार्ड, विवाह प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शपथ प्रमाण पत्र, वर-वधू के जन्म प्रमाण पत्र, बीपीएल/अंत्योदय कार्ड, दिव्यांगजन श्रेणी हेतु 40 प्रतिशत या अधिक निःशक्तता प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र, पालनहार प्रमाण पत्र, विधवा होने पर पति का मृत्यु प्रमाण पत्र/विधवा पेंशन योजना (पी.पी.ओ.) की फोटो प्रति आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे।
25 से 27 मार्च तक होगा किसान मेले का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशालय तथा कृषि विभाग (आत्मा) बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में 25-27 मार्च तक किसान मेला आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अरुण कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों को खेती की आधुनिकतम तकनीक, प्रौद्योगिकी, नवाचारों तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के स्टेडियम परिसर में यह मेला आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों के संबंध में एसकेआरएयू तथा कृषि विभागीय अधिकारियों के साथ कृषि भवन स्थित आत्मा सभागार में बुधवार को समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रसार शिक्षा निदेशक डाॅ. नीना सरीन, अधिष्ठाता सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय डॉ. विमला डुकवाल, प्रभारी स्वामी विवेकानन्द कृषि संग्राहलय डॉ. सुभाष बलवदा सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों ने तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। डॉ सरीन ने बताया कि सुनियोजित खेती: सम्पन्न किसान विषय पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले में किसानों को कृषि से सम्बन्धित अन्य सम्बद्ध विभागों के प्रदर्शनी, कृषक विचार गोष्ठी के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। महिलाओं के लिए विशेष तौर पर बाजार और अन्य परिरक्षित खाद्य पदार्थ बनाने और कशीदाकारी से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। डॉ. विमला डुकवाल ने बताया कि मेले के पहले दिन को फल एवं सब्जी दिवस, द्वितीय दिवस को पुष्प दिवस एवं तृतीय दिवस को पशुपालन दिवस के रूप में रेखांकित करते हुए प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा । महिला कृषकों के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा। परियोजना निदेशक (आत्मा) ममता ने बताया कि तीन दिवसीय किसान मेले में आत्मा परियोजना के तहत पुरस्कार हेतु चयनित प्रगतिशील किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किये जाएंगे। कृषि अधिकारी उद्यान मुकेश गहलोत ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारी तीन दिवसीय मेले में किसानों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। फल, सब्जी, पुष्प, पशुधन तथा महिलाओं हेतु आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रगतिशील किसानों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में उपनिदेशक रेणु वर्मा, रामकिशोर मेहरा, सहायक निदेशक सुरेन्द्र मारू, मीनाक्षी शर्मा, राजूराम डोगीवाल, रघुवर दयाल सुथार, सोमेश तंवर कृषि विभागीय अधिकारी रमेश चन्द्र भाम्भू, राकेश विश्नोई, राजेश विश्नोई, सुभाषचंद्र, बलराम स्वामी, हितेश, सन्देश पुरोहित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




