






तीजां देवी की स्मृति में बालिका छात्रावास में बनेगा एक कमरा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवार को महर्षि दयानंद सरस्वती छात्रावास विकास समिति की बैठक एडवोकेट श्याम सुन्दर आर्य की अध्यक्षता में छात्रावास परिसर में संपन्न हुई। जिसमें भवन निर्माण कार्य एजेण्डे पर चर्चा की गई। बैठक में तीजां देवी पत्नी लूणाराम गोदारा, उदरासर की स्मृति में उनके पुत्र भंवरलाल, सन्तोष कुमार, ओमप्रकाश, बजरंगलाल गोदारा द्वारा 2.81 लाख की लागत से बालिका छात्रावास में एक कमरा निर्माण करवाने घोषणा की। बैठक में आगामी 29 सितम्बर को लोकनायक लूणाराम सारण की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार की गई। बैठक में सम्पतमल पुत्र खेताराम दुसाद श्रीडूंगरगढ़ ने 2.81 लाख रुपये कमरा निर्माण की पूर्व घोषित राशि मैनेजमेंट को सौंपी। बैठक में समाज के अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सदस्य बनाने की रुपरेखा पर चर्चा की। अध्यक्ष एडवोकेट श्याम सुन्दर आर्य ने दानदाता परिवारों का आभार जताया। बैठक में पूर्व सरपंच लक्ष्मणराम खिलेरी, प्रभुराम बाना, चौधरी रामचन्द्र गोदारा, भंवरलाल खिलेरी, सन्तोष कुमार गोदारा, गोपालराम खिलेरी, रामेश्वर लाल जाखड़, हनुमान महिया, दौलतराम सारण, हरिराम भाम्भू, जयसिंह कुलड़िया, सोमवीर, दलीप कुमार, प्रहलाद भाम्भू, श्रीराम भाम्भू, दयानन्द बेनीवाल, हरलाल भाम्भू, श्यामसिंह सारण, समिति मंत्री सुशील सेरडिया आदि उपस्थित रहें। छात्रावास अधीक्षक श्रवण कुमार भाम्भू ने सभी का आभार प्रकट किया।

जयकारों के साथ रवाना हुई पांच दिवसीय गुरु दर्शन यात्रा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ से तेरापंथ समाज की पांच दिवसीय गुरू दर्शन यात्रा उत्साह के साथ रवाना हुई। साध्वी संगीतश्रीजी व डॉ परमप्रभाजी ने यात्रियों को मंगलपाठ सुनाया और नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख, मनोज पारख व सामाजिक कार्यकर्ता अशोक झाबक, राजकुमार झाबक ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा बस को रवाना किया। यात्रा प्रभारी पवन सेठिया व सह प्रभारी हरीश डागा ने बताया कि यात्रा में 47 श्रद्धालु शामिल है। श्रीडूंगरगढ़ से रवाना होकर यात्रा का पहला पड़ाव ओसियां जी में रखा गया। वहीं से आगे पावापुरी, जीरावला पार्श्वनाथ, मांउट आबू होते हुए अहमदाबाद पहुंच कर गुरु आचार्य महाश्रमणजी के दर्शन करेंगे। हेमराज झाबक ने बताया कि गुरू दर्शन कर गुरू जी से आगामी समय में श्रीडूंगरगढ़ में चातुर्मास अथवा मर्यादा महोत्सव का समय देने के लिए अर्ज करेंगे। उसके बाद यात्री अक्षरधाम, श्री सांवलिया सेठ, नाथद्वारा, देशनोक होते हुए 14 सितंबर की सुबह श्रीडूंगरगढ़ लौटेंगे। तेयुप मंत्री पीयूष बोथरा सहित अनेक युवाओं व समाज बंधुओं ने यात्रियों को शुभकामनाएं देकर विदा किया।

सेवा संगठन ने बोर्ड परीक्षाओं के आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्कूल एजुकेशन वेलफेयर एसोसिएशन ‘सेवा’ राजस्थान का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को शिक्षा निदेशक से मिला। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू की अगुवाई में सदस्यों ने शिक्षा निदेशक सीताराम जाट को ज्ञापन देकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव से बोर्ड की परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़वाने की मांग की। सदस्यों ने बताया कि प्रदेश में भयंकर वर्षा, बाढ़ के हालात से विद्युत आपूर्ति नेट की कनेक्टिविटी बाधित हो गई है। शिक्षा विभाग ने कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए प्रवेश तिथि 15 सितंबर तक कर दी है। बोर्ड को भी अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितंबर ही कर देनी चाहिए। जिससे स्कूलें व विद्यार्थी फॉर्म भर सके। निदेशक ने मंडल सदस्यों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंडल में संगठन के नगर संयोजक शैलेंद्र यादव, संगठन के प्रदेश प्रवक्ता शैलेश भदानी, कुलदीप यादव, हंसराज धौलपुरिया, अर्जुन नाथ सिद्ध आदि शामिल रहें।

बिग्गा में गौसेवार्थ होगा भागवत कथा का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव बिग्गा में नागौर की विश्व स्तरीय गौ चिकित्सालय के हितार्थ संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 12 से 18 सितंबर तक होगा। कथा गांव में ठाकुरजी मंदिर के सामने आयोजित होगी। जहां सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कौशिकजी महाराज कथा का वाचन करेंगे। वहीं इसी पांडाल में रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक मायरा वाचन होगा। कथा की पूर्णाहुति 19 सितंबर को हवन पूजन से होगी। गौभक्त व भागवत भक्त कथा की तैयारियों में जुटे है।




