






ऊपनी के मॉडल स्कूल के वार्षिकोत्सव में पहुंचे विधायक, विद्यार्थियों का किया सम्मानित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ऊपनी के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में आज वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ताराचंद सारस्वत शामिल हुए। विधायक ने विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया। सारस्वत ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन में बिना निराश हुए मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा प्रत्येक बालक विशेष है और उसकी प्रतिभा को पहचान कर निखारने की दिशा में कार्य होना चाहिए। सारस्वत ने राष्ट्रपति पुरुस्कार के लिए नामित होने वाली स्काउट गाइड उपदेश सिद्ध पुत्री ज्ञाननाथ सिद्ध को पुरस्कृत किया। इस दौरान प्रधानाचार्य योगेश कुमार ने सभी का स्वागत करते हुए आभार जताया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। उस दौरान भाजपा नेता किशनाराम गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व अभिभावक उपस्थित रहें। विद्यालय स्टाफ ने समारोह की व्यवस्थाओं को संभाला।

एबीवीपी के छात्रों ने विधायक से नवनिर्मित भवन में कक्षाएं प्रारंभ करवाने की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अखिल भारतीय विधार्थी परिषद के छात्रों ने शुक्रवार को विधायक ताराचंद सारस्वत को ज्ञापन देते हुए राजकीय महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन में कक्षाए प्रारंभ करवाने की मांग की। नगर मंत्री नवरत्नसिंह बिका बताया कि श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या 800 से अधिक है और छात्र छात्राएं अस्थाई रूप से डागा स्कूल में उपलब्ध मात्र 4 कक्षों में अभावग्रस्त ढंग से अध्ययन कर रहें है। विजयसिंह राजपुरोहित ने बताया की विधायक ने शीघ्र ही महाविद्यालय के भवन में कक्षाओं के संचालन हो सकेगा। इस दौरान महेन्द्र राजपूत, मनीष गिरी, योगेश सारस्वत सहित अनेक सदस्य मौजूद रहें।

युवकों ने बचाए राष्ट्रीय पक्षी के प्राण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बीरमसर में शुक्रवार शाम एक घायल मोर की गांव के जागरूक युवाओं द्वारा रात भर रखवाली की और आज सुबह उसे पशु चिकित्सालय लाकर सौंपा। गांव के लालचंद ने बताया कि पशु चिकित्सक ने उसे भर्ती करते हुए इलाज प्रारंभ किया।




