






आज हुई नगर परिक्रमा, कल होगी प्राण प्रतिष्ठा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लखासर में ठाकुरजी मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का पंचदिवसीय अनुष्ठान उत्साह पूर्वक जारी है। गुरूवार शाम को मूर्ति नगर भ्रमण का आयोजन धूमधाम से संपन्न करवाया गया वहीं शुक्रवार को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह पूर्वक संपन्न होगी। समंदसर के पंडित पवन शास्त्री के आचार्यत्व में विधि विधान से होगी और आयोजक श्रीभगवान मोहता परिवार द्वारा आयोजन की व्यवस्थाएं की जा रही है।

गौसेवा का महत्व बताया, किया रासलीला का वर्णन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सनातन श्मशान भूमि में आयोजित भागवत कथा में आज छठें दिन कथावाचक संतोषसागर महाराज ने भगवान और भक्त की प्रेम कथा तथा आत्मा से परमात्मा के मिलन की कथा के साथ रासलीलाओं का वर्णन किया। महाराज ने गौ सेवा का महत्व बताते हुए प्रत्येक गृहस्थी को गौसेवा से जुड़ने की प्रेरणा दी। इस दौरान संस्था की पिछली चार कथाओं का लेखा जोखा सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया गया। कथावाचन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक हो रहा है व बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहें है। कथा के मुख्य यजमान हरीप्रसाद व सरोज देवी मोदी ने सभी अतिथियों का आभार जताया।

प्रायोगिक परीक्षा 9 मार्च से प्रारंभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षाएं 9 मार्च से प्रारंभ होगी। प्राचार्य महावीरनाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि बीए द्वितीय वर्ष के नियमित, पूर्व एवं स्वयंपाठी विद्यार्थियों की गृह विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा 12 मार्च को होगी। बीए तृतीय वर्ष के सभी विद्यार्थियों के लिए गृह विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा 13 मार्च को आयोजित होगी वहीं बीए द्वितीय वर्ष के सभी विद्यार्थियों के लिए भूगोल की परीक्षा 9 व 10 मार्च को आयोजित होगी। प्राचार्य ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी अपना कॉलेज आईडी कार्ड आवश्यक रूप से लेकर आवें।
अंग्रेजी का पेपर सरल, छात्र प्रसन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आज बोर्ड परीक्षा के कक्षा की परीक्षाएं प्रारंभ हो गई है। पहला पर्चा अंग्रेजी विषय का था व पेपर अत्यन्त सरल होने की बात छात्र छात्राओं ने कही। राउमावि ताल मैदान व रूपादेवी राउमावि से विद्यार्थी प्रसन्न होकर निकले व अभिभावकों सहित अपने गुरूजनों से पेपर सरल होने की खुशी व्यक्त की।






