






जारी है अभियान, अनेक लोगों से मिल कर किया आह्वान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अक्टूबर 2023। युवा कांग्रेस के निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हरिराम बाना की अगुवाई में चलाए जा रहे हर घर राहत अभियान के तहत कार्यकर्ताओं का व्यक्तिगत जनसम्पर्क अभियान जारी है। अभियान के तहत मंगलवार को कार्यकर्ताओं का दल कस्बे के मुख्य बाजार, गौरव पथ, पुरानी घास मंडी, रानी बाजार, राजा बाजार आदि क्षेत्रों में पहुंचें। कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार की गलत नीतियों से देश में आई बेरोजगारी एवं छोटे व्यापारियों के हितों पर हो रहे कुठाराघात के बारे में जानकारियां देते हुए राजस्थान में कांग्रेस सरकार दोहराने का आह्वान किया। इस मौके पर बाजार के व्यापारियों ने भी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।

भक्तों के उद्धार के लिए अवतार लेते हुए भगवान, भजनों पर झूमे श्रद्धालु।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माहेश्वरी भवन कालू बास में आयोजित महाशिवपुराण में आज 6वें दिन रामानंदजी महाराज ने शंकर भगवान के पांच अवतार के बारे में विस्तृत कथा सुनाई। महाराज ने हनुमानजी के रूप में प्रकट होने व रामभक्ति का तत्व दर्शन बताया। महाराज ने कहा कि भक्तों के उद्धार के लिए भगवान समय समय पर धरती पर अवतार लेते है। उन्होंने कहा कि भगवान के भक्तों की महिमा भगवान से भी बड़ी है। इस दौरान कस्बे के भजन कलाकार कैलाश सारस्वत ने संगीतमय भजनों की प्रस्तुतियां दी और श्रद्धालु झूम उठे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में भाग ले रहें है।

48 पव्वे जब्त कर युवक को किया गिरफ्तार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हैड कांस्टेबल भगवानाराम ने बीदासर रोड पर स्थित एक होटल के पास सोमवार दोपहर कार्रवाई करते हुए बाना निवासी अमित जाट को गिरफ्तार कर आरोपी से 48 पव्वे जब्त किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल बलवीरसिंह को दे दी गई है।
पूर्व शिक्षक की पुण्यतिथि पर बैग का वितरण किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लखासर में राउमावि दिवंगत शिक्षक रेवंतसिंह की तृतीय पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को 100 बैग वितरित किए। व्याख्याता इंद्राज खिलेरी ने बताया कि रेवंतसिंह ने अपने जन्मस्थान लखासर में शिक्षक के पद पर अनेक वर्षों तक सेवा दी व उनकी स्मृति में उनकी पत्नी शीलाकंवर द्वारा बच्चों को स्कूल बैग दिए गए है। प्राचार्य अन्नाराम ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में दिया गया छोटा बड़ा सहयोग प्ररेणीय है और विद्यार्थियों के लिए कारगर है। इस दौरान पूरे स्टाफ ने शीला कंवर का आभार जताया।

एकादशी पर दिया गौशाला में सहयोग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इंदिरा एकादशी पर आज अनेक श्रद्धालुओं ने गौशालाओं में सहयोग राशि दी व गौवंश को गुड़ व चारा भी दिया। गांव कोटासर की श्रीकरणी गौशाला में अनेक श्रद्धालुओं ने सहयोग राशि सौंपी। यहां किशन सारस्वत, राजकुमार जोशी व किशन सिंह ने गौवंश के लिए लापसी का भंडारा बनवा कर दिया। वहीं दुलचासर के प्रह्लाद सुथार व दिवगंत सुरजाराम ओझा परिवार ने 21-21 हजार रूपए गौसेवा में दान दिए। समिति के अगरसिंह ने भामाशाहों का आभार जताया।
लोढेरा में संपन्न हुआ कबड्डी टूर्नामेंट, विजेताओं को किया सम्मानित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लोढेरा में श्रीगुसाईजी रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता धूमधाम से संपन्न हुई है। टूर्नामेंट के फाइनल मैच देखने सोमवार रात बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पर पहुंचे। शानदार हूटिंग के बीच पुरुष वर्ग फाइनल विजेता सुरनाणा टीम रही और उपविजेता सोनियासर की टीम रही। वहीं महिला वर्ग में विजेता गांव आडसर की टीम रही व उपविजेता बिंझासर की टीम रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी मैच देखा व समारोह में भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में आदर्श स्कूल गुसाईसर बड़ा के निदेशक मूलचंद गोदारा व विजयपाल गोदारा सहित अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में एंट्री नि:शुल्क थी और विजेता पुरूष टीम को 21 हजार व उपविजेता को 11 हजार रूपए नगदी व ट्राफी दी गई। वहीं महिला वर्ग में विजेता को 71 सौ नगदी व उपविजेता को 51 सौ रूपए नगदी सहित ट्राफी दी गई।





