






फरीदकोट में भाजपा के लिए सुथार ने मांगे वोट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान सरकार में विश्वकर्मा कौशल बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार में जुटे है। उन्होंने मंगलवार व बुधवार को फरीदकोट में कई चुनावी सभाओं में भाग लिया। सुथार ने भाजपा के प्रत्याशी हंसराज हंस के लिए वोट मांगे। उन्होंने जनता के बीच मोदी सरकार के कार्य गिनवाए व सुशासन के लिए भाजपा को देश में एकमात्र विकल्प बताया। सुथार के साथ अनेक स्थानीय भाजपा नेता मौजूद रहें व जीत के लिए रणनीति पर चर्चा की।

कितासर में भागवत कथा में सुनाई कृष्ण लीला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव कितासर भाटियान में करणी माता मंदिर के पास आयोजित भागवत कथा में मंगलवार को कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथावाचक बाल ब्रह्मचारी गोविंददास महाराज ने बुधवार को कृष्ण लीलाओं का भावभरा वर्णन किया। भजनों पर पांडाल में अनेक श्रद्धालु खूब झूमे भी और उपस्थित महिलाओं व पुरूषों ने जमकर जयकारे लगाएं। आयोजक पूनियां परिवार के सदस्यों ने व्यवस्थाओं में भागीदारी निभाई। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण का लाभ ले रहें है। गांव में नित्य प्रभात फेरी भी निकाली जा रही है और बच्चों को शाम 5 बजे से 6 बजे तक प्रतिदिन गीता अभ्यास भी करवाया जा रहा है। 17 मई को कथा की पूर्णाहुति होगी।

गौसेवा कर मनाया बालिका ने अपना जन्मोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव दुलचासर की बालिका रिद्धि मूंधड़ा ने बुधवार को अपना जन्मदिन कोटासर स्थित श्रीकरणी गौशाला में गौसेवा में सहयोग देकर मनाया। बालिका के पिता संदीप कुमार मूंधड़ा प्रवासी मुंबई ने 15 मण तरबूज का भंडारा किया। गौशाला समिति ने बालिका को बधाई देते हुए उनकी तरफ से तरबूज गौवंश को खिलाए। समिति सदस्यों ने मूंधड़ा परिवार द्वारा गौशाला में दिए गए सहयोग के लिए आभार जताया। इस दौरान ओमसिंह भाटी, अनूपसिंह, कुशल सिंह व आईना शर्मा ने तरबूज भंडारे में श्रम सहयोग किया।





