






पुलिस ने पकड़ा एक साल से फरार आरोपी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने एक साल से फरार एडीपीएस के एक आरोपी को रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। एसआई मोहनलाल मीणा की अगुवाई में कांस्टेबल अनिल मील, इंद्रकुमार, रामसिंह की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मीणा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सुखराम विश्नोई निवासी कूदसू के घर दबिश देकर पकड़ा और गिरफ्तार कर थाने पहुंचाया है। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जिला प्रशासन से अधिकारी पहुंचे श्रीडूंगरगढ़ किया औचक निरीक्षण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रविवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कार्यों का निरीक्षण किया। यादव ने उपखंड अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली व एसआईआर की जानकारी ली। उन्होंने ब्लॉक पर्यवेक्षण अधिकारियों को प्रतिदिन फील्ड में विजिट कर भौतिक रूप से कार्य को देखने व इसे तय समय में पूरा करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, बीडीओ मनोज धायल, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर उपस्थित रहें।

मोमासर में हुआ “तेरापंथ मेरा पथ” कार्यशाला का आयोजन संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 नवंबर 2025। गांव मोमासर के तेरापंथ भवन में रविवार को तेरापंथ मेरा पथ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न हुई। कार्यशाला में पुष्पा नौलखा व अंकिता मालू ने प्रभावशाली ढंग से अपने विचारों की अभिव्यक्ति दी। पुष्पा नौलखा ने आचार्य भिक्षु को 18वीं शताब्दी के महान क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि आचार्य ने कष्ट को उपहार मानकर स्वीकार करना सिखाया। उन्होंने बताया कि दुनिया में अनेक प्रकार के मार्ग है, परंतु महत्वपूर्ण ये है कि वह मार्ग हमें कहां ले जाने वाला है.? इस पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि आचार्य भिक्षु ने हमें वह मार्ग दिखाया जो परम लक्ष्य का पोषक है। नौलखा ने कहा कि शुद्ध साधन से ही शुद्ध साध्य की प्राप्ति संभव है। अंकिता मालू ने तेरापंथ मेरा पंथ क्यों.? विषय की व्याख्या करते हुए धर्म की कसौटी पर खरी उतरने वाली कई बातों को उल्लेख किया। मालू ने तेरापंथ में मर्यादा और संगठन के बारे में बताते हुए श्रमिक समाज की भ्रांतियों को दूर किया। सुबह 11 बजे प्रारंभ हुआ कार्यक्रम शाम 5 बजे तक चला। जिसमें अणुव्रत समिति अध्यक्ष सुमन बाफना, मंत्री राकेश संचेती, जगत पटावरी, पुष्पा पटावरी, कमल सेठिया, कंचन पटावरी, कल्पना सेठिया, किरण पटावरी, कमल सेठिया सहित अनेक अतिथियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में श्रीजैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा संस्थान मोमासर व अणुव्रत समिति द्वारा सभी का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में सभा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक पटावरी सहित बड़ी संख्या में श्रावक समाज भी शामिल हुआ। कार्यक्रम का संचालन राकेश संचेती ने किया।




