






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की खास खबरें एक साथ, एक नजर में।
1- गौशाला में शुरू किया एक पौधा गौमाता के नाम अभियान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2025। देश भर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जा रहा है वहीं क्षेत्र के गांव दुलचासर में गौसेवकों द्वारा एक पौधा गौमाता के नाम अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत सोमवार को गांव की श्रीगोपाल गौशाला प्रांगण में एवं राजकीय पशु चिकित्सालय में पौधारोपण किया गया। इस दौरान डॉ सुभाष घारू, मनोज चौहान, राजकुमार दिलधाणियां, महेन्द्र सिंह चाहर, कुंदन, अखेचंद मूंधडा, गिरधारीलाल भादू, पवन कुमार, किशनलाल, दौलसिंह व बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं ने इस अभियान में भाग लिया व पौधे लगाने के बाद उन्हें संरक्षित कर पेड़ बनाने का संकल्प लिया। गौशाला सचिव रेवंतसिंह पडिहार ने आभार जताया। 
2- बिग्गाजी का जागरण बुधवार को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2025। गांव सातलेरां के श्री वीर बिग्गाजी मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों द्वारा सामूहिप से उत्सव मनाया जाएगा। 20 अगस्त, बुधवार की रात को मंदिर परिसर में रात्रि जागरण आयोजित होगा। जिसमें अर्चनादेवी व रमेश बांगडवा आदि कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देगें। ग्रामीण राजू जाखड़, प्रेम जाखड़ ने बताया कि जागरण से पहले गांव के मंदिर से जल एवं कच्चे दूध की परिक्रमा पुरे गांव में निकाली जाएगी। गांव की पूरी बाहरी परिधि में यह कार लगाई जाएगी। जागरण के दौरान अंखड ज्योत एवं जागरण के बाद खीर का महाप्रसाद भी वितरण किया जाएगा।
3- विनोद कुमार शर्मा संभागीय अध्यक्ष मनोनीत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2025। क्षेत्र गांव देराजसर के सक्रिय युवा विनोद कुमार शर्माको अंर्तराष्ट्रीय ब्राह्मण मंच के संभागीय अध्यक्ष पर मनोनीत किया गया है। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मदनगोपाल तिवाड़ी ने मंच का विस्तार करते हुए शर्मा की नियुक्ति की है। मनोनयन के साथ ही राष्ट्रीय संगठन मंत्री पुरूषोतम शर्मा, राष्ठीय महामंत्री हरिकिशन शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष शिवशंकर तिवाड़ी ने विनोद शर्मा को अपनी संभाग स्तरीय सदस्यता अभियान चलाने, कार्यसमिति का गठन करने एवं संघ विस्तार करते हुए सामाजिक एकता के लिए कार्य करने का आह्वान किया है। विदित रहे कि विनोद शर्मा क्षेत्र में लंबे समय से पत्रकारिता में भी सक्रिय है। 
4- महिया का किया अभिनंदन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2025। क्षेत्र में ग्रामीण पत्रकारिता से जुड़ रामकिशन महिया का सोमवार को गांव कोटासर की करणी गौशाला में अभिनंदन किया गया। महिया के गौशाला पहुंचने पर गौशाला समिति द्वारा दुपट्टा पहना कर एवं स्मृति चिन्ह्र प्रदान कर सम्मान किया गया। इस मौके पर महिया ने गौशाला अवलोकन किया एवं गौसेवा को प्रेरणीय बताया। 
5- हर दिन मनमर्जी से हो रही विद्युत कटौती, किसानों में रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2025। क्षेत्र में हर दिन निगम कार्मिकों द्वारा अपनी मनमर्जी से बिजली कटौती करने का आरोप अखिल भारतीय किसान सभा के तहसील अध्यक्ष भंवरलाल भूंवाल ने लगाया है। भूंवाल ने बताया कि गांव लिखमीसर उतरादा सहित आस पास के गांवों में हर रोज शाम ढलते ही लोढ़ के नाम पर बिजली बंद कर दी जाती है एवं घंटों तक पुन: सप्लाई शुरू नहीं की जाती। ऐसे में किसान परिवारों के दैनिक कार्य, बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। भूंवाल ने रोष जताते हुए व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की है।




