






खरीद में हो रही देरी से नाराज पूर्व विधायक ने जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने समर्थन मूल्य पर होने वाली खरीद में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। महिया ने टाइम्स को बताया कि गत 14 नवम्बर को अखिल भारतीय किसान सभा की जिला कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर शीघ्र खरीद शुरू करने की मांग की जिसमें जिला प्रशासन ने 18 नवंबर से खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया। महिया ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रशासन अपनी ही निर्धारित तिथि पर खरीद शुरू नहीं करवा पा रहा है। उन्होंने इसे सरासर प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए कहा कि 24 नवम्बर, सोमवार से शुरू होने वाली खरीद भी समय पर नहीं हो पा रही है। महिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस पर स्थानीय जनप्रतिनिधि के निजी स्वार्थ और ठेकेदार के तालमेल नहीं होने का मामला स्पष्ट रूप से सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि ठेकेदार उचित नहीं है, तो उसे बदलने की प्रक्रिया को समय पर पूरा क्यों नहीं किया गया? महिया ने कहा कि खरीद में हुई देरी से किसानों को नुकसान झेलना पड़ा है और जिलेभर में करीब 5 लाख बोरी उपज किसानों ने मजबूरी में बाजार में बेची है। महिया ने कहा कि इन 9 दिनों में केवल श्रीडूंगरगढ़ में 47 करोड़ से अधिक रूपयों का नुकसान झेलना पड़ा है और पूरे जिले में ये आंकड़ा करीब 236 करोड़ से अधिक का हुआ है। उन्होंने कहा कि खरीद में हुई देरी और किसानों द्वारा झेला गया नुकसान डबल इंजन सरकार व प्रशासन की नाकामी है, जिसे मेहनतकश किसानों को भुगतना पड़ा है।
नरेंद्र सिंह को भाजपा ने संगठन कार्य की जिम्मेदारी दी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बापेऊ मंडल के अध्यक्ष नरेंद्रसिंह भाटी मोरखाना को भाजपा के स्वच्छ भारत मिशन के तहत बीकानेर देहात के सह संयोजक पद की जिम्मेदारी दी गई है। देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अनुशंसा पर अभियान के संयोजक पद पर भंवरलाल जांगीड़, सह संयोजक पद पर ललित चारण व नरेंद्रसिंह को दायित्व दिया गया। नरेंद्रसिंह ने जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया सहित संगठन पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया व संगठन में निष्ठा जताते हुए अपने दायित्व निर्वहन की बात कही।
खिलाड़ी प्रियंका व सुमित्रा ने खेलो इंडिया लीग में जीते ब्रॉन्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खेलो इंडिया ASMITA सॉफ्ट टेनिस राज्यस्तरीय विमेंस लीग में बीकानेर से सीनियर वर्ग में श्रीडूंगरगढ़ की प्रियंका लेघा व सब जूनियर में सुमित्रा ने ब्रॉन्ज मेडल जीते है। कोच कृष्णावतार सुथार ने बताया कि लीग 23 नवम्बर को रतनगढ़ (चूरू) में आयोजित हुई। जिसमें बीकानेर से सीनियर, जूनियर व सब जूनियर केटेगरी में 10 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कोच मोहन पूनिया सहित सभी खिलाड़ियों ने दोनों खिलाड़ी युवतियों को बधाइयां दी।




