






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2024। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की खास खबरें एक साथ।
जाखड़ बने नेत्रदानी, पूरे गांव ने दिया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव जैतासर निवासी किशनलाल जाखड़ पुत्र भंवरलाल जाखड़ ने मृत्यूपर्यंत अपनी आंखें दान कर मानवता के क्षेत्र में अपना नाम अमर कर लिया है। विदित रहे कि जाखड़ का गत 14 अक्टूबर को तहसील कार्यालय के सामने एक्सीडेंट हो गया था एवं जाखड़ ने दौराने इलाज 15 अक्टूबर को जयपुर एसएमएस चिकित्सालय में दम तोड़ दिया था। इसके बाद उनकी इच्छा अुनसार परिजनों की अनुमति से उनके नेत्र दान किए गए। आईबैंक सोसायटी जयपुर द्वारा उनके नेत्र संग्रहित किए गए एवं अब इनकी आंखों से दो अंधे लोगों को रोशनी मिल सकेगी। 42 वर्षीय जाखड़ का अंतिम संस्कार 16 अक्टूबर को गांव में हुआ एवं नेत्रदानी बनने पर सभी ग्रामीणों ने उन्हें सम्मान देते हुए अंतिम विदाई दी।
ग्रामीणों से हुई वार्ता, तीन दिनों में तोलियासर में लगेंगें बैरीकेट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव तोलियासर में गुरूवार को दिन में हुए बस-ट्रक के हादसे के बाद ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने तीन दिनों में तोलियासर बस स्टैण्ड़ पर बैरीकेटिंग लगवाने का आश्वासन दिया है। सरपंच प्रतिनिधि गिरधारीसिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद प्रशासन द्वारा गांव में प्रसिद्ध भैंरूजी धाम होने के बाद भी यातायात संबधी कोई व्यवस्था नहीं किए जाने पर ग्रामीणों ने रोष जताते हुए स्टेट हाईवे को जाम कर दिया था। जाम तो पुलिस प्रशासन की समझाईश के बाद खोल दिया गया था एवं प्रशासन द्वारा वार्ता के लिए श्रीडूंगरगढ़ थाने में बुलाया गया। जहां थानाधिकारी इंद्रकुमार से हुई वार्ता के बाद प्रशासन ने आगामी रविवार से पहले पहले तोलियासर के स्टैण्ड़ पर बैरीकेटिंग लगाने का आश्वासन दिया। सिंह ने बताया कि ये बेरिकेटिंग केवल तोलियासर के लिए ही होगें एवं स्थाई रूप से गांव के स्टैण्ड़ पर लगाया जाएगा। इस दौरान स्टेट हाईवे टोल कम्पनी प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। ब्रेकर निर्माण के संबध में भी कागजी कार्रवाही पूर्ण कर ब्रेकर बनवाने का आश्वासन भी दिया गया। वार्ता में गांव की और से गिरधारीसिंह सहित पृथ्वीराजसिंह, श्रवण सिंह, भैंरू सिंह, सुखदेव सिंह, कालू सिंह, कैलाश सिंह आदि शामिल हुए।
संध्याकालीन महाआरती के साथ पूरा हुआ दो दिवसीय मेला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रसिद्ध पूनरासर बालाजी धाम में दो दिवसीय शरद पूर्णिमा मेला गुरूवार शाम को संध्याकालीन आरती के साथ पूर्ण हुआ। बुधवार सुबह पांच बजे बागड़ी परिवार, बीकानेर की ओर से बाबा का विशेष श्रृंगार कर मेला शुरू हुआ था। मेले के दौरान पुजारी रतनलाल बोथरा ने ज्योत प्रज्वलित कर बाबा की विशेष पूजा अर्चना की। इस मौके पर मंदिर सभागार में उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ज्योत दर्शन कर हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ किए। मंदिर परकोटे से काफी बाहर तक महिला-पुरूष श्रद्धालुओं की लम्बी कतारें लगी हुई थी।श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में आटे-घी-शक्कर से बने चूरमें का भोग लगाकर माथा टेका व अपने संकटों को हरने के साथ ही कृपा दृष्टि बरसाने की अरदास की। श्रद्धालुओं ने खेजड़ी बालाजी मंदिर मे भी धोक लगाई तथा पवित्र खेजड़ी को मोली बांधकर मन्नतों के नारियल बांधे। खेजड़ी बालाजी मंदिर मे श्रद्धालुओं ने गठजोडे के साथ जात दी व नवजात शिशुओं झडूला उतरवाया। श्रद्धालुओं ने अंजनि माता मंदिर, रामदरबार मंदिर में भी धोक लगाई। पुजारी ट्रस्ट के सम्पतमल बोथरा ने बताया कि मेले के इन दो दिनों में 14 क्विंटल आटा, 21 पींपा घी व 3 क्विंटल शक्कर का वितरण किया गया। मेले के दौरान श्रीगंगाजल कासनियां चेरिटेबल ट्रस्ट बेंगलुरु की ओर से सावित्री भवन में, श्रीपूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट की ओर से श्रीराम भोजनालय में, पुजारी ट्रस्ट की ओर से जयराम धर्मशाला में बाबा का भंडारा चला। श्रीकेशरीनंदन सेवा समिति बीकानेर की ओर से 7 क्विंटल खीर प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं कई संस्थाओं ने कतारबद्ध खड़े श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की।

सूडसर में हुए अखंड रामचरितमानस पाठ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव सूडसर के मनसापूर्ण हनुमानजी मंदिर में गुरुवार को शरद पूर्णिमा मेला भरा व बुधवार व गुरूवार दो दिनों तक अखंड रामचरितमानस पाठ किया गया। मंदिर में पुजारी रामचन्द्र स्वामी परिवार की ओर से बाबा का विशेष श्रृंगार कर पूजा अर्चना की गई। शाम को महाआरती के बाद जागरण का आयोजन हुआ। जागरण में बीकानेर के शिव पारीक एंड पार्टी की ओर से बाबा के भजनों की प्रस्तुति दी गई। रात्री को बाबा के दरबार में खीर प्रसाद का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। वहीं दुलचासर गांव के खेजड़ी बालाजी मंदिर, मीठिया कुआं स्थित हनुमान जी मंदिर में भी धार्मिक आयोजन हुए।

पुंदलसर में बांटा अमृत खीर का प्रसाद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव पुंदलसर स्थित श्री हनुमान वाटिका में ग्रामीणों द्वारा शरदपूर्णिमा महोत्सव आयोजित किया गया। जिसमें 311 किलो खीर का प्रसाद मनाया गया। पंडित श्रवण कुमार पारीक ने बताया कि रात्रि 12.15 बजे अमृत वर्षा के बाद महाआरती की गई एवं बाबा को भोग लगाने के बाद भक्तों में अृमत खीर का प्रसाद बांटा गया। रात्रि जागरण में रामकुमार एंड पार्टी राजलदेसर के कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां दी।





