






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2023। क्षेत्र से आज की कुछ खास छोटी बड़ी खबरें आप एक साथ पढें व सभी फोटो देखें और अपडेट रहें हर खबर से
डोर टू डोर रूणिचा पैदल यात्री सेवा समिति की बैठक, दी जिम्मेदारी, 12 को जाएगा संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। डोर टू डोर रूणिचा पैदल यात्री सेवा समिति श्रीडूंगरगढ़ का पदयात्री संघ आगामी 12 सितम्बर 2023 को रवाना होगा। संघ की तैयारी संबंधी बैठक व्यवस्थापक संजय करनानी व कार्यवाहक अध्य्क्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा, मंत्री चेनरूप सिखवाल की उपस्थिति में संपन्न हुई जिसमें संघ सदस्य भवरसिंह, सत्यनारायण प्रजापत, राजूदीन कलाल, परमेश्वर गोदारा, जितेंद्र सिंधी, गोपाल नाई, रमेश सारस्वत, महावीर सुथार, ओमप्रकाश प्रजापत, नानूराम भार्गव, बलराम शर्मा, अनिल सिंधी, छगन पालीवाल, सुनील सिखवाल, किशन प्रजापत, महेश सिखवाल, दिनेश बिहानी, लेखनाथ सिद्ध मौजूद रहे व इन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई।
भव्य होगा जागरण, सजीव होगी परंपरा, हजारों श्रद्धालु लेंगे भाग, तैयारियां प्रारंभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आगामी 19 अगस्त को जयपुर में जसनाथजी महाराज के अनुनायियों द्वारा विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भव्य सिद्ध परंपराएं सजीव होगी और अग्नि नृत्य किया जाएगा। सिद्ध समाज विकास समिति का प्रतिनिधि मंडल गांव गांव ढाणी ढाणी पहुंच कर श्रद्धालुओं को आयोजन में भाग लेने के लिए निमंत्रण दे रहें है। रविवार को मंडल सदस्य साहुओं की ढाणी, पूनासर, करनू, मोतीनाथपुरा, चीताणा, काहीरा, कालड़ी, छिला, चाऊ, खेराट व बीदासर के ग्रामीणों से मिले व पोस्टर विमोचन करवाते हुए आमंत्रण दिया। समिति संरक्षक पन्नानाथ सिद्ध ने बताया कि समाज के समस्त महंतगण तथा समस्त संस्थाएं आयोजन में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि समिति सदस्य श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़, सरदाशहर, नोखा, लूणकरणसर इलाकों के गांवो में पहुंच कर जनसंपर्क करेंगे।
योग गुरू ओम कालवा को योगा लवर्स संगठन ने दिया दायित्व।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के योगगुरू ओम कालवा को योगा लवर्स संगठन के संस्थापक सुनील सिंह ने राजस्थान में संगठन का प्रसिडेंट नियुक्त करते हुए बधाई दी। बता देवें कालवा लगातार 20 वर्षों से योग कार्य से जुड़े हैं और बेरोजगार योग शिक्षकों के रोजगार हेतु योग समिति में प्रदेश संरक्षक के रूप में भी कार्य कर रहें है। योग समिति के रामावतार यादव, मनोज सैनी, राकेश तूनवाल, नरेंद्र सिंह राजपुरोहित, राकेश परिहार सहित अनेक लोगों ने कालवा को बधाई दी।
अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण मंच के जयप्रकाश ओझा को सौंपी जिले की जिम्मेदारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मदन गोपाल तिवाडी ने मंच का विस्तार करते हुए बीकानेर जिले की जिम्मेदारी देते हुए अध्यक्ष पद पर दुलचासर निवासी जयप्रकाश ओझा को नियुक्त किया है। यह मनोनयन मंच के बीकानेर संभागीय अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बिजेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र कुमार शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री हरिकिशन शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर तिवाडी की अनुशंसा से किया गया है। ओझा को बीकानेर जिले में मंच के सदस्य बनाने, कार्यकारिणी का गठन करने के लिए अधिकृत किया गया है।

छात्र संगठन एसएफआई ने चुनाव करवाने की मांग की, दी चेतावनी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छात्र संगठन एसएफआई के सदस्य छात्रों ने श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में चुनाव करवाने की मांग को लेकर महाविद्यालय प्राचार्य विनोद सुथार को पत्र सौंपा। छात्रों ने चुनाव नहीं करवाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बता देवें निजी महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में गत वर्षों से चुनाव नहीं करवाए जा रहें है। इस दौरान तहसील अध्यक्ष गौरव टाडा, सचिव गोपी पुनिया, गणेश भूकर, अभिजीत मंडा, विष्णु पुरोहित, कमल महिया, किशन आंवला, राहुल, रोहित, सौरभ, भरत, सुलोचना, श्यामसुंदर, पारस सहित कई छात्र मौजूद रहें। महाविधालय प्राचार्य विनोद सुथार ने छात्र संघ चुनाव को इस वर्ष शुरु करवाने का आश्वासन देते हुए मैनेजमेंट कमेटी में विषय रखने की बात कही।

मंदिर परिसर में लगाए पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारतीय किसान संघ ने जुलाई और अगस्त में पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ लगाने का अभियान प्रारंभ किया। संघ के तोलाराम जाखड़ ने बताया कि अभियान का प्रारंभ आज इंद्पालसर हीरावतान के वीर बिग्गाजी मंदिर परिसर में पौधारोपण करके किया गया है। जाखड़ ने बताया प्रकृति के असंतुलन को देखते हुए बीकानेर भारतीय किसान संघ ने निर्णय लिया है कि जिले के सभी उपखंड क्षेत्र में एक-एक हजार पेड़ लगवाने का प्रयत्न किया जाएगा व उनके पालन की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं को दी जाएगी। आज के पौधारोपण कार्यक्रम में संघ तहसील उपाध्यक्ष भैराराम जाखड़, तहसील मंत्री अजीत सिंह व सदस्य रविंदर सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहें।

गांव गांव पहुंच रही मतदाता जागरूकता टोली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी के निर्देशन में क्षेत्र के गांवो में युवाओं को मतदान के लिए जागरूक करने व उन्हें ईवीएम व वीवीपीएटी मशीनों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देने कार्मिकों की टोली पहुंच रही है। आज क्षेत्र के गांव बिग्गा, बिग्गाबास रामसरा, कितासर बीदावतान, कितासर भाटियान के राउमावि में पहुंची व युवाओं को संबोधित करते हुए जानकारी दी। इस टोली में निर्वाचन शाखा श्रीडूंगरगढ़ से नौरतमल शर्मा, प्रदीप कौशिक, किशोरीलाल ने विद्यार्थियों को जानकारी दी। शहीद कैप्टन चन्द्र चौधरी राउमावि बिग्गाबास रामसरा में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ओमप्रकाश शर्मा ने टीम का आभार जताया।







