






नए जीएसएस निर्माण के लिए किया भूमिपूजन, जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 सितंबर 2023। गुरूवार को गांव बिग्गा से दो किलोमीटर दूर उत्तरादी रोही में आज सुबह 11 बजे जीएसएस निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। पूजन में सरपंच प्रतिनिधि अशोक सारण सहित रमेश जाखड़, अंकित भाटी, संतोष ओझा, बीरबल डूडी, मघनाथ सिद्ध, राजेंद्र मेघवाल, विद्युत विभाग के अधिकारी व कार्मिक शामिल हुए। पंडित कोडूराम तावनिया ने विधि विधान से भूमि पूजन संपन्न करवाया। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक गिरधारीलाल महिया का आभार जताया।

भाटी का होगा श्रीडूंगरगढ़ में स्वागत, शामिल होंगे नेता कार्यकर्ता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार को पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी के भाजपा परिवार में पुन: शामिल होने के बाद जयपुर से कोलायत जाते समय वक्त श्रीडूंगरगढ़ में नेशनल हाईवे पर नगरपालिका के सामने स्थानीय भारतीय जनता पार्टी श्रीडूंगरगढ़ के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। स्वागत कार्यक्रम 11.30 बजे आयोजित होगा जिसमें भाजपा नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे।
विश्व ह्रदय दिवस पर 107 मरीजों की जांच की, दी नि:शुल्क दवाइयां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपजिला चिकित्सालय श्रीडूंगरगढ़ में आज विश्व ह्रदय दिवस पर ह्रदय रोगों के प्रति जागरूकता के लिए ह्रदय स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके बिहाणी ने बताया कि शिविर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परिक्षण कर परामर्श सेवाएं दी गई। शिविर में 107 मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया गया, उनके बीपी शुगर की जांच की गई व दवाईयां भी दी गई। शिविर में डॉ बिहाणी ने ह्रदय जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया। इस दौरान एनसीडी कर्मचारी काउंसलर मदन मीणा, मोहम्मद अनवर खान ने शिविर में अपनी सेवाएं दी।

कोटासर गौशाला में पूर्णिमा पर किया लापसी का भंडारा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आज भाइवा माह की पूर्णिमा पर गौशालाओं में दान पुण्य का उपक्रम जारी रहा। कस्बे में स्थित गोपाल गौशाला में भी अनेक श्रद्धालुओं ने गौवंश को गुड़ व चारा खिलाया। वहीं गांव कोटासर की गौशाला में लापसी का भंडारा बनाकर गौवंश को खिलाया गया। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और गौवंश को गुड़ खिलाया। दुलचासर के भामाशाह प्रह्लाद सुथार ने परिवार सहित गौवंश की सेवा की, ओमप्रकाश छरंग व अरूण कुमार जांदू बीकानेर से गौशाला पहुंचे। इन सभी का गौशाला कमेटी की ओर से सम्मान किया गया।






