May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-08-11 at 17.06.34

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अगस्त 2024। शनिवार को क्षेत्र के कई गांवों में हुई जोरदार बारिश के बाद ग्रामीणों व सरपंचों ने पंचायत स्तर पर ही रात भर राहत व बचाव कार्य चलाया। रविवार को दोपहर बाद तक पानी की निकासी हो पाई लेकिन रविवार शाम को छाए घने बादलों ने ग्रामीणों को फिर से चिंता में डाल दिया है। ग्रामीणों को कहना है कि शनिवार की तेज बारिश, रविवार सुबह ही धुप के बाद अब अगर फिर से बारिश हुई तो कच्चे मकानों का बचना मुश्किल होगा। वहीं नायब तहसीलदार महावीर गोस्वामी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है एवं स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सभी पंचयतों के सरपंचों व ग्राम विकास अधिकारियों को पानी निकासी करवाने के निर्देश दिए गए है। वहीं नुकसान के सर्वे संबधी अभी कोई निर्देश उच्चाधिकारियों से नहीं मिले है। वहीं दूसरी और मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों में बीकानेर सहित कई जिलों में बारिश की चेतावनी भी जारी है।

सुरनजसर सरपंच ने की मुआवजे की मांग, इन पांच परिवारों के सर से उठी छत।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार की बारिश ने ग्राम पंचायत सुरजनसर में खासा नुकसान पहुंचाया है। सरपंच ओमप्रकाश सारस्वत ने बताया कि पंचायत के स्तर पंप सेट लगा कर पानी निकासी के प्रयास शनिवार को ही शुरू कर दिए गए थे जो कि रविवार शाम तक चालु रहे। बारिश के बाद पंचायत के गांव धीरदेसर पुरोहितान में बीपीएल परिवार मांगीलाल मेघवाल, धुडाराम मेघवाल के इंदिरा आवास योजना के तहत बने मकान, गांव सुरजनसर में बीपीएल परिवार ओमप्रकाश मेघवाल, मालाराम सांसी, बजरंगलाल ब्राह्मण के इंदिरा आवास योजना के तहत बने मकान गिर गए। सरपंच ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में पांच मकान तो गिर गए है एवं अन्य कई मकानों में दरारें आई है एवं गिरने की कगार पर है। साथ ही गांव के राउमावि की चार दिवारी भी गिरने की स्थिति में है। ऐसे में सरपंच ने सरकार एवं प्रशासन से भी पीडित परिवारों को राहत, मुआवजा दिलवाने की मांग की है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव धीरदेसर पुरोहितान में पहले पिता का साया उठा एवं अब धराशाही हुआ मकान, परिवार को मदद की आस।

बाडेला में यह रहे प्रभावित, ग्रामीणों की सामूहिकता से मिली राहत।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद गांव बाडेला में बड़ी संख्या में घर पानी से घिर गए थे , जल्द निकासी नहीं होने से घरों के गिरने का खतरा मंडराता देख ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पानी निकासी के प्रयास शुरू किए। सरपंच हेमाराम खिलेरी की अगुवाई में पंचायत के दस्ते एवं ग्रामीणों ने शाम चार बजे से पानी निकासी के जनरेटर पंप शुरू किए जो देर रात तक चालू रहे। यहां पर बंसिराम जोशी, गौरीशंकर जोशी, मुनिराम जोशी, शिव जोशी, लालदास स्वामी, पवन स्वामी, भागुराम ज्याणी, बजरंग जोशी, श्याम सुंदर जोशी, सांवरमल तिवाड़ी, बालाजी मंदिर, श्याम मंदिर एवं गांव के मेघवाल मोहल्ले के लगभग सभी घरों में पानी भर गया था। इन घरों में पानी अंदर चला गया था एवं खासा सामान का नुकसान भी हुआ है। पानी निकासी के प्रयासों में सरपंच प्रतिनिधि हेमाराम खिलेरी सहित ग्रामीण सुखराम, रामप्रताप, दानाराम ज्याणी, गणेश दास, गौरीशंकर जोशी,  मोहनराम ज्याणी, रामप्रसाद तिवाड़ी, पवन स्वामी, अनाराम ज्याणी, महेश जोशी, सागरमल ज्याणी आदि सक्रिय रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बाडेला में ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयासों से निकाला पानी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पानी निकासी के लिए बाड़ेला में पंचायत द्वारा बिछाई गई अस्थाई लाईन,
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ट्रेक्टर से पंप सेट चला कर निकाला गया घरों में से पानी।