






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जून 2021। देर रात करीब 12.30 बजे तेज अंधड़ के साथ हल्की बूंदाबांदी ने क्षेत्र में मौसम को खुशनुमा कर दिया है। ठंडी हवाओं से क्षेत्र वासियों को तेज गर्मी व उमस से राहत मिली है। मौसम में हुए इस बदलाव से गुरुवार को कई शहरों में टेम्परेचर में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई है। कुछ इलाकों में हल्की बरसात भी हुई है वहीं जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, कोटा और अजमेर संभाग के जिलों में कल मौसम में हुए बदलाव के बाद अच्छी बरसात की सूचनाएं है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय हुए वेर्स्टन डिस्टरबेंस और पूर्वी भारत से आ रही नमी वाली हवाओं से मानसून पूर्व की बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम केन्द्र जयपुर ने अगले 4 दिन यानी 24 जून तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम रहने और आंधी-बारिश चलने की संभावना जताई है।
आज 26 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जयपुर मौसम केन्द्र ने आज राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सें में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, पाली, सिरोही को छोड़कर शेष सभी जिलों में आंधी-बारिश होने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जगह 40KM तक की स्पीड की तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं बिजली चमकने के साथ ओले गिरने की भी चेतावनी है।
इसी तरह 22, 23 और 24 जून को उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, झालावाड़, बारां, बूंदी, कोटा, भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं और सिरोही में आंधी-बारिश होने की संभावना जताते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।



