






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 जनवरी 2024। हाइवे पर बेनीसर के नजदीक संचालित आर्यस्थली विद्यापीठ में 75वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। यहां मुख्य अतिथि जर्मनी के रोजलीन फ्रेंक व निदेशक अमित स्वामी ने ध्वज फहराया। फ्रेंक ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए भारतीय संस्कृति व सभ्यता की प्रशंसा की। फ्रेंक ने कहा कि जीवन मूल्यों की जो विरासत भारतीयों के पास है वैसी दुनिया में ओर किसी देश के पास नहीं है और इसी से भारत श्रेष्ठ बनता है। उन्होंने कहा कि अतिथि देवो भव: की तरह यहां के संस्कार अद्वितीय है। जर्मनी में बड़ी संख्या में लोग भारत को पसंद करते है। वे भारत को जानने देखने यहां आने का मन रखते है और जो आते है वे यहां की खूब सराहना जर्मनी जाकर भी करते है। फ्रेंक ने बच्चों को बताया वे मैकेनिकल इंजीनियर है और कड़ी मेहनत के रास्ते से ही जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने प्राकृतिक ढंग से बच्चों को श्रेष्ठ शिक्षा व संस्कार से जोड़ने के लिए विद्यापीठ के प्रयासों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में लखासर सरपंच प्रतिनिधि गोरधनराम खिलेरी, बेनीसर के वन रक्षक सोहनराम गोदारा, समंदसर के मांगीलाल गोदारा, दुसारणा के पद्माराम गोदारा, लखासर के लखसिंह तंवर शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता बेनीसर के मोहननाथ ने की और संस्था संस्थापक शिवकुमार स्वामी ने सभी का स्वागत किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। प्रधानाचार्य सुमन जैन ने सभी का आभार जताया। लैंगवेज ट्री इंग्लिश एकेडमी में गणतंत्र दिवस पर निदेशक राज सर ने ध्वज फहराया और गणतंत्र दिवस की बधाई दी। यहां रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालिकाओं ने फूलों से रंगोलिया सजाई ओर ममता, अंजू और आरती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आदर्श विद्या मंदिर में 75वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। यहां मुख्य अतिथि राजकुमार जोशी, समारोह अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण व्यास, मुख्य वक्ता मनीष बेदी व समिति अध्यक्ष आसाराम पारीक ध्वज फहराया। कार्यक्रम में समिति सदस्य ललित बाहेती, पवन कुमार तापड़िया, सुरेश भादानी सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहें। संकुल प्रमुख शक्तिसिंह यादव ने सभी का स्वागत करते हुए आभार जताया। विद्यार्थियों ने संचलन, शारीरिक प्रदर्शन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। अतिथियों व अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना की। महाराणा प्रताप पब्लिक सीनियर सैकेंडरी स्कूल में संस्थान में समिति अध्यक्ष श्रीगोपाल राठी व प्रबंधक विजयराज सेवग ने ध्वज फहराया। राठी ने विद्यार्थियों को जीवन में सदैव सकारात्मक रहने की प्रेरणा देते हुए तनाव मुक्त रहने की बात कही। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। बड़ी संख्या में अभिभावक भी समारोह में शामिल हुए। प्रधानाचार्य भगतसिंह धनकड़ ने सभी का आभार जताया।








