






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अप्रैल 2025। बढ़ती गर्मी के बीच पानी की किल्लत ने सिंधी कॉलोनी में मोहल्लेवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कॉलोनी में पिछले कई हफ्तों से गंदे व बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही थी, जिससे परेशान स्थानीय लोगों ने विभाग को शिकायत दी तो विभाग ने दो गड्ढें खोद दिए और गत दो सप्ताह से सप्लाई पूरी तरह से ठप्प हो गई है। लोग पीने का पानी कैंपरों से और घरेलू जरूरत का पानी टैंकरों से पानी मंगवाने को मजबूर है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी की समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है, लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ हालात और खराब हो गए हैं। कॉलोनी में सप्लाई ठप्प पड़ी है और लोग निजी टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं। कॉलोनी निवासी चंद्रप्रकाश, मनोज, सेवकराम व रतनलाल ने बताया कि हर घर में हर रोज़ टैंकर मंगवा रहे हैं, जिससे घर का खर्च बढ़ गया है। महंगे पानी से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए स्थिति और कठिन हो गई है। इस गंभीर समस्या को लेकर लोग प्रशासन से समाधान की मांग कर रहे हैं। कॉलोनी के लोगों ने 17 मार्च को विभाग से समस्या समाधान के लिए ज्ञापन भी दिया। विभागीय अधिकारियों ने मौका मुआयना भी किया। मनोज उपाध्याय व हनी गुरनाणी ने बताया कि वे लगातार विभाग कार्यालय के चक्कर लगा रहें है परंतु सुनवाई नहीं की जा रही है। विभाग के कार्मिकों ने 2 जगह गड्ढे कर दिए और समस्या का समाधान अभी तक नहीं कर पाए है। कॉलोनी की महिलाओं ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पेयजलापूर्ति सुचारू करवाने की मांग की है।





