






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 नवंबर 2022। क्षेत्र वासियों के लिए बड़ी खबर विधायक गिरधारीलाल महिया की ओर से आई है। महिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आमजन व किसानों की राहत के लिए क्षेत्र में 4 करोड़ से अधिक राशि के विकास कार्यों की स्वीकृति दिलवाई गई है। महिया ने बताया कि मण्डी कोष से विभिन्न सड़क मार्गों के निर्माण कार्य करने की अनुशंसा सरकार को भेजी थी। इस अनुशंषा पर कृषि विपणन निदेशालय ने गांव सेरूणा से हेमेरां की ओर 3 किमी. तथा गांव लोडेरा से बींझासर की ओर 3 किमी. सड़क निर्माण की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति दे दी है। अब शीघ्र ही निर्माण प्रारंभ हो जाएगा। सड़क निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ 80 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी परिसर में ऑक्शन, प्लेटफॉर्म निर्माण व अन्य विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 36 लाख रुपयों की स्वीकृति दिलवाई गई है। महिया ने बताया कि इन स्वीकृतियों के लिए कृषि विपणन मंत्री मुरालीलाल मीणा व निदेशक से लगातार संपर्क किया गया। इन प्रस्तावों की स्वीकृति पर महिया ने उनका आभार जताया है। महिया समर्थकों ने इन स्वीकृतियों के लिए विधायक का आभार जताया है।



