






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 दिसबंर 2024। गुरुवार सुबह पूरे प्रदेश में रोडवेज द्वारा 9 जगहों पर 1.5 – 1.5 करोड़ की लागत से नए रोडवेज बस स्टैंड बनाये जाने की खबर सामने आई है और इस 9 कि सूची में श्रीडूंगरगढ़ भी शामिल है। यह खबर आने के साथ ही क्षेत्र में फिर से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। श्रीडूंगरगढ़ के लिए गत सरकार द्वारा भी बस स्टैंड की घोषणा ट्रॉमा सेंटर के साथ ही कि गई थी और उस समय भूमि भी घुमच्चकर के पास चिन्हित की गई थी। हालांकि भूमि का आवंटन नही हुआ तो मामला ठंडे बस्ते में चला गया। ऐसे में अब बिना भूमि के ही 1.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी होने पर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह बस स्टैंड मुख्य बाजार स्थित पुराने बस स्टैंड पर ही बनाया जायेगा या सरदारशहर रोड़ पर स्थित नकारा पड़े रोडवेज के बस स्टैंड पर ये बजट खर्च किया जाएगा। ऐसे में फिर से मामला लंबा खिंचता नजर आ रहा है। क्योकि मुख्य बाजार के बीच रोडवेज बस स्टैंड बनाने या सरदारशहर रोड स्थित बस स्टैंड को रिनोवेट करने में रोडवेज की बसों की समय सारणी में परिवर्तन, पुराने दानदाता की सहमति, यातायात सबंधी व्यवस्था और प्राइवेट बसों के शहर के अंदर आने का संशय आदि कई दिक्कते संभावित होगी। वहीं तीसरे ऑप्शन के रूप में नई जगह भूमि आवंटन की प्रक्रिया भी लंबी होगी व स्वीकृति में भूमि उपलब्ध होने पर खर्च किये जाने की बात भी लिखी हुई है।
लंबे समय से उठ रही थी मांग, उम्मीद जगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ से यात्रा करने वाले हजारों यात्री हर दिन बस स्टैंड नही होने के कारण खासी दिक्कते झेलते है और बस स्टैंड बनाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। ऐसे में अब यह बजट स्वीकृत होने से उम्मीद तो जगी है। अब देखना होगा कि स्थानीय राजनेता कितने सक्रिय होकर इस बजट को लगवा पाते है। क्षेत्रवासियों की इस मांग पर गत सरकार में भी इसके लिए प्रयास हुए और इस सरकार में भी अनेक समाज सेवियों व जागरूक नागरिकों द्वारा लगातार मांग की जा रही है। अब जब प्रदेश भर में नौ बस स्टैंड के लिए राशि स्वीकृत हुई है, तो क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गर्मा गया है।
बाजार में स्थित बस स्टैंड के लिए 1.50 करोड़ की स्वीकृति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। टाइम्स के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पेश किए गए बजट के समय ही श्रीडूंगरगढ़ में बाजार में स्थित पुराने बस स्टैंड के लिए डेढ़ करोड़ की राशि की स्वीकृति के लिए पत्र जारी किया गया था। इस पत्र के अनुसार डेढ़ करोड़ रूपए बाजार में स्थित बस स्टैंड पर खर्च होना माना जा रहा है। एक बड़ें जनसमूह द्वारा घुमचक्कर पर ही बस स्टैंड का निर्माण करवाए जाने की मांग रही है। वहीं एक वर्ग बाजार में बस स्टैंड निर्माण के लिए भी खासा सक्रिय है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अभी तक बस स्टैंड के लिए कहीं भूमि का अलॉटमेंट नहीं किया गया है। ऐसे में स्वीकृत राशि पुराने बस स्टैंड पर लगाए जाने की संभावना भी प्रबल हो रही है।
लंबा खींच सकता है फिर मामला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुराने बस स्टैंड के लिए ये राशि खर्च होने की स्थिति में एक वर्ग कोर्ट पहुंच सकता है। क्योंकि अधिकांश लोगों व विशेषज्ञों की राय में क्षेत्र में बस स्टैंड का निर्माण घुमचक्कर के इर्द गिर्द ही होना चाहिए। हालांकि इस संबंध में वस्तुस्थिति साफ होना अभी शेष है। परंतु पुराने बस स्टैंड पर निर्माण का जिन्न बाहर आ जाने पर मामला लंबा खींच सकता है।
यहां यहां मिली स्वीकृति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरकार द्वारा निकाली गई स्वीकृति में 9 नए बस स्टैंड बनाए जाने प्रस्तावित है। इन 9 में बीकानेर जिले में एकमात्र श्रीडूंगरगढ़ का नाम भी शामिल है। इस स्वीकृति में कामां (डीग) में 2.50 करोड़ तथा, श्रीडूंगरगढ़, रूपवास (बयाना), बनेड़ा(शाहपुरा), महवा(दौसा), सपोटरा(करौली), धोद(सीकर), खींवसर(नागौर) के लिए 1.50-1.50 करोड़ रूपए जारी हुए है। वहीं सिंधीकैंप बस स्टैंड, श्रीगंगानगर, सिरोही, झालावाड़, आबूरोड, नीमकाथाना, बांववाड़ा, बारां, अनूपगढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, श्रीखाटूश्यामजी, सीकर, टोंक, रतनपुर, सांडेराव, माउंटआबू, फलौदी, नदबई, श्रीमाधोपुर बस स्टैंड के रिनोवेशन कार्यों की वित्तीय स्वीकृत्तियां जारी हुई है।



