






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 नवम्बर 2024। श्रीडूंगरगढ़ में दीपोत्सव को देखते हुए प्रशासन द्वारा यातायात को सुचारू करने में अपना श्रम लगाने के बजाए गरीबों से रोजगार छीनने का कार्य शनिवार सुबह सुबह ही किया गया है। यहां बीकानेर से आए निर्देशों के बाद हाईवे टोल कम्पनी के कार्मिकों, श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका कार्मिकों ने अभियान चला कर घूमचक्कर के पास सर्विस रोड़ पर अस्थाई रूप से खड़े पानी, फल सब्जियां, दाल-बड़े, कचौरियां आदि बेचने वाले लोगों को हटाया गया है। अभियान में नगरपालिका के एसआई कमल चांवरिया, चारों जमादार, सफाई कार्मिक एवं टोल कम्पनी के इंजिनियर रितेश कुमार, रूट ऑफिसर संदीप यादव, मानू काला, सुपरवाईजर रमजान खान, राजेश कुमार, असिस्टेंट ऑफिसर धन्नाराम आदि शामिल रहे।
सवाल दीपावली कैसे मनाएं इनके परिवार.?
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। घूमचक्कर पर अस्थाई गाडो, दुकानों, रेहडियों से सैंकड़ों परिवारों का रोजगार चल रहा है एवं उन परिवारों के बच्चों ने भी दीपावली मनाने की आस लगा रखी थी। इन अस्थाई दुकानों, गाडो, रेहड़ियों के संचालकों को भी त्योहार पर होने वाले यात्री भार में वृद्धि से अतिरिक्त कमाई की उम्मीद भी रही। इसी कमाई से इन परिवारों के बच्चों को भी दीपावली पर मिठाई, पटाखे मिल पाते। ऐसे में आवश्यकता थी कि प्रशासन द्वारा यहां अतिरिक्त प्रयास कर, साईडों में लगवा कर, पुलिस जवान या होमगार्ड तैनात कर यातायात सुचारू करवाया जाता। लेकिन प्रशासन द्वारा इन गाडों को दीपावली से ऐन पहले हटाने का विरोध शुरू हो गया है। रेहड़ियों के संचालकों ने गरीबों की दीपावली खराब करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।





