






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2023। महिला मुखिया को 10 हजार सालाना देने की घोषणा के बाद आज कांग्रेस राजस्थान में गारंटी के नाम पर चुनावी वादे कर रही है। आज पांच और गारंटी कांग्रेस देने जा रही है। इसके बाद इनकी संख्या सात हो जाएगी। कांग्रेस सत्ता में आने पर पशुपालकों से दो रुपए किलो में गोबर खरीदने की गारंटी और कॉलेज स्टूडेंट को फ्री लैपटॉप देगी। वहीं, अंग्रेजी मीडियम शिक्षा की गारंटी और प्राकृतिक आपदा में नुकसान पर 15 लाख तक के बीमा की भी गारंटी दी जाएगी।
किसानों से दो रुपए किलो में गोबर खरीदने की योजना का नाम गोधन गारंटी रखा गया है। छत्तीसगढ़ में यह योजना पहले से चल रही है। छत्तीसगढ़ की इस योजना को राजस्थान में लागू करने का वादा किया गया है। किसानों को लुभाने के हिसाब से इस घोषणा को अहम माना जा रहा है। कांग्रेस की इन नई गारंटियों की घोषणा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज कांग्रेस के वॉर रूम में करेंगे।
हर स्टूडेंट को अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई की गारंटी
हर स्टूडेंट को अंग्रेजी मीडियम से पढ़ाई कराने की गारंटी देने की घोषणा की है। तीसरी गारंटी हर कॉलेज स्टूडेंट को लैपटॉप देने की दी गई है। सत्ता में आने पर हर कॉलेज स्टूडेंट को कॉलेज में एडमिशन के साथ ही फ्री लैपटॉप दिया जाएगा।
ओपीएस गारंटी कानून लाने का वादा
कांग्रेस ने सत्ता में आने पर ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) गारंटी एक्ट लाने का वादा किया है। राज्य में कर्मचारियों को ओपीएस देने की शुरुआत इसी बजट से की गई है। अब ओपीएस गारंटी कानून लाने का वादा किया है।
प्राकृतिक आपदा में नुकसान पर 15 लाख बीमा की गारंटी
आपदा राहत बीमा गारंटी देने का वादा किया है। इसके तहत प्राकृतिक आपदा में हुए नुकसान में पीड़ित परिवार का 15 लाख तक का बीमा करवाने की गारंटी देने का वादा किया है।
महिला मुखिया को 10 हजार, 500 रुपए में सिलेंडर
झुंझुनूं के अरड़ावता में प्रियंका गांधी की सभा में महिला मुखिया को हर साल 10 हजार रुपए की सम्मान राशि देने और खाद्य सुरक्षा में राशन लेने वाले हर परिवार को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की गारंटी की घोषणा की जा चुकी है।



