






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अप्रैल 2023। चुरू का हिस्सा रहें श्रीडूंगरगढ़ के विधायक गिरधारीलाल महिया द्वारा विधानसभा में 21 मार्च को दिए एक बयान को लेकर चुरू में आज डॉक्टर संगठनों ने विरोध जताया। डॉक्टरों ने महिया पर डॉक्टरों के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई व महिया के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान राजस्थान प्राइवेट हॉस्पिटल संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले डॉक्टरों ने आरटीएच का विरोध किया। डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ विधायक गिरधारीलाल महिया ने विधानसभा में डॉक्टर के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने डॉक्टरों की तुलना कसाई से की है, जोकि गलत बात है। डॉ. शर्मा ने बताया कि आज निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने विधायक के बयानों की निंदा करते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. बीएल नायक ने कहा कि पिछले 14 दिनों से प्रदेश के मरीजों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और इसलिए सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर सकारात्मक रवैया अपनाते हुए डॉक्टरों से वार्ता करनी चाहिए। इस मौके पर डॉ. मुमताज अली, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. पवन गोयल, डॉ. अभिषेक आर्य, डॉ. मोनिका आर्य, डॉ. ऋषभ चैौधरी, डॉ. गरिमा चौधरी, डॉ. विकास जांगिड़ और डॉ. राकेश भार्गव मौजूद रहे।
आप भी जानें, क्या कहा था महिया ने..
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधानसभा में 21 मार्च श्रीडूंगरगढ़ के लिए काफी हंगामेदार रहा था। इसी दिन विधायक महिया किसानों के लिए धरने पर बैठे और स्पीकर ने मार्शल द्वारा उन्हें बाहर निकलवाया था। इसी दिन राइट टू हैल्थ के दौरान बोलते हुए अपने बयान में महिया ने कुछ डॉक्टरों की तुलना कसाई से की थी। डॉक्टर एसोसिएशनों द्वारा तभी से विरोध प्रारंभ कर दिया गया था। जयपुर के बाद आज चुरू में डॉक्टरों ने महिया के विवादित बयान पर बवाल खड़ा किया। आप भी नीचे दिए गए लिंक पर जाकर सुने क्या कहा था महिया ने, जिस पर डॉक्टरों के संगठन जता रहें है नाराजगी।



