May 20, 2026
WhatsApp Image 2024-07-30 at 20.35.27

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 जुलाई 2024। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में गंदगी पर हालात बेकाबू होते जा रहे है, अभी अभी कस्बे के वार्ड 5 में सफाई नहीं होने से आक्रोशित मोहल्लेवासी एवं पालिकार्मी भिड़ गए एवं जम कर धक्कामुक्की, गालीगलौच में हालात तनावपूर्ण हो गए। नगरपालिका की नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख इसी मोहल्ले से पार्षद है एवं शहर में से पानी निकासी का मुख्य नाला भी यहीं पर स्थित है। इस नाले में कचरा एवं थैलियां फंसने से गत दिनों कस्बे के बाजार, स्टेट बैंक, पोस्टआफिस, चिकित्सालय के पास पानी भरा रह रहा था। ऐसे में नाले की सफाई के लिए पालिका द्वारा करीब दस दिन पहले चैम्बर व सड़क तोड़ कर कचरा, पालीथीन आदि निकाले गए थे। लेकिन निकाल कर वहीं पर छोड़ देने, चैम्बर, सड़क नहीं बनाने के हालात में वार्ड 5 के निवासी खासे परेशान हो रहे थे। अंजू पारख ने बताया कि मंगलवार को दिन भर मोहल्लेवासियों एवं मैने स्वंय ने पालिकाध्यक्ष, पालिका प्रशासन को फोन किए एवं बद से बदतर हो चुके हालातों को सुधारने की मांग की। पारख ने आरोप लगाया कि शाम को करीब 7 बजे पालिकाध्यक्ष सहित पालिका सफाई निरीक्षक एवं सफाईकर्मी मौके पर पहुंचे व सफाई करने की सुनवाई नहीं होने से मोहल्लेवासियों ने आक्रोश जताया तो पालिका के सफाई निरीक्षक ने वार्डवासियों पर हाथ उठा दिया एवं धक्कामुक्की की। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है एवं वीडियो में भाजपा के पूर्व पार्षद प्रतिनिधि श्यामसुंदर पुरोहित व अन्य बीच बचाव करते दिख रहे है।
बुधवार को करेगें विरोध प्रदर्शन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नगरपालिका की नेता प्रतिपक्ष अंजू देवी पारख ने बताया कि पालिकाकर्मी द्वारा आम जनता के साथ इस प्रकार का दुरव्यवहार करना सहन नहीं किया जाएगा एवं इस संबध में बुधवार को सामूहिक रूप से आम जन व शहरवासी कठोर कार्रवाही की मांग पर विरोध प्रदर्शन करेगें। उपखण्ड अधिकारी के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया जाएगा।

चैम्बर तोड़ना मजबूरी था, विरोध की राजनीति के लिए किया हंगामा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।  नगरपालिका की नेता प्रतिपक्ष ने जहां पालिकाकर्मियों पर धक्कामुक्की का आरोप लगाया है वहीं पालिकाध्यक्ष द्वारा पालिकाकर्मियों को निर्दोष बताते हुए इसे विरोध की राजनीति बताया है। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने बताया कि वार्ड 5 में चैम्बर जाम होने के कारण चैम्बर तोड़ना मजबूरी था और चैम्बर को दुरूस्त करवाने के लिए ही जेसीबी एवं पूरी टीम लेकर मौके पर पहुंचे थे काम भी हो रहा था लेकिन जान बुझ कर हंगामा खड़ा कर दिया गया। पालिकाकर्मियों की कोई गलती नहीं थी युवक कार्य में बाधा ड़ाल रहा था एवं सफाई निरीक्षक के साथ झगड़े का प्रयास किया। यह केवल विरोध की राजनीति के लिए किया गया हंगामा है। कम साधन, कम कार्मिकों के साथ जैसे तैसे व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन इस प्रकार के लोगों को कार्य के बजाए अपनी दादागिरी चाहीए। पालिकाकर्मी पूरे प्रकरण के दौरान शांत रहे एवं जान बुझ कर मामला बढ़ाने के प्रयास देख काम को बीच में ही छोड़ कर वापस लौटना ही सही लगा।

देखें इस घटना का वायरल वीडियो- https://www.facebook.com/share/v/EHtAYwPJeAGsAwvT/?mibextid=NoJtEM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सुनवाई नहीं होने की बात पर आमने सामने हुए पालिकाकर्मी व मोहल्लेवासी, हुई धक्कामुक्की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वार्ड पांच में यह है हालात, शहर भर का कचरा हो रहा है यहां पर जमा।