






10 हजार छायादार व फलदार पौधों का नि:शुल्क वितरण किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र की पर्यावरण व जीव प्रेमी अग्रणी संस्था आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ SDGH सेवा समिति द्वारा करीब 10 हज़ार पौधों का वितरण जीव जतन जन कल्याण ट्रस्ट कोलकाता के सहयोग से क्षेत्र में किया गया है। जिसमें श्रम सहयोगी संस्था के तौर पर जैन युवक परिषद श्रीडूंगरगढ़ के युवाओं ने भी अपनी सेवाएं दी। संस्था अध्यक्ष मनोज कुमार डागा ने बताया कि इस अभियान में छायादार व फलदार पौधों के करीब 35 किस्मों के करीब 10 हजार पौधे पुष्कर, सरदारशहर व श्रीडूंगरगढ़ की नर्सरियों से उन्नत किस्म के लिए गए। इनको प्रति व्यक्ति दो पेड़ व सार्वजनिक स्थानों जिनमे मंदिर, स्कूल, पार्कों व शमशान के लिए 11 पौधे श्रीडूंगरगढ़ शहरी व ग्रामीण अंचल के लिए दिए गए है। कार्यक्रम संयोजक रमेश राजपुरोहित ने बताया कि इस कार्य के लिए सेवादार पौधशाला में सुबह 6 बजे से 10 बजे तक व शाम 5 बजे से 07:30 बजे तक संकल्प पत्र भरवाकर पोधे वितरण में सेवाएं दी।

केऊ पुरानी के स्कूल प्रांगण में लगाए सैंकड़ो पौधे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। केऊ पुरानी के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में पौधारोपण का विशेष अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत संस्था प्रधान अजित कुमार की अगुवाई में विद्यालय प्रांगण में गांव की युवा टीम, छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ पौधे लगाए। इस मौके पर विद्यालय समिति सदस्य पृथ्वीसिंह महेछा, अध्यक्ष रामदयाल सुथार, रावतराम सुथार, रामेश्वर स्वामी, मानाराम, रामगोपाल सोनी, चेतन सुथार, नानूराम सहित स्टाफ़ ने पौधारोपण कर शुभारंभ किया। संस्था प्रधान अजीत कुमार ने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को एक पौधा दिया गया तथा कुल 416 पौधे पूरी टीम द्वारा लगाकर पर्यावरण को संतुलित व समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। इस मौके पर स्टाफ सदस्य सुमेराराम, कालूदास, भागीरथराम बीसू, गिरधारीलाल, सुरेखा व सुनील उपस्थित रहें।

श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में लगाए पौधे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को मुख्यमंत्री सघन वृक्षारोपण अभियान के तहत श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में पौधारोपण किया गया है। महाविद्यालय के खेल मैदान के चारों तरफ करीब 50 से 70 पौधे लगाए गए। पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेते हुए महाविद्यालय के प्रबंध समिति के सचिव श्याम महर्षि ने कहा कि वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत पौधारोपण बन गई है। पर्यावरण को बचाने के लिए हर व्यक्ति पौधरोपण करें। उपसचिव रामचन्द्र राठी ने बताया कि महाविद्यालय प्रागंण में नींबू, चीकू, जामुन सहित कई फलदार पौधे लगाए गए व इनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। समिति के विजय महर्षि, पर्यावरण प्रेमी श्रवण कुमार भाम्भू, प्राचार्य डॉ.विनोद सुथार, महावीर धामा, मुकेश सैनी, नारायण सारस्वत, जगदीश माली मौजूद रहें।

सहजन के 711 पौधे वितरित किए, संरक्षण का लिया संकल्प।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव दुलचासर में डॉ जेपी चौधरी की अगुवाई में दानदाता शिवरतन मोहता के सहयोग से सहजन के 1100 पौधे वितरण अभियान में बुधवार को प्रथम चरण में 711 पौधों का वितरण किया गया। शेष पौधे गुरूवार को दिए जाएंगे। विभिन्न राजकीय कार्यालयों एवं निजी संस्थाओं के साथ विद्यार्थियों, ग्रामीणों ने पौधे लिए व उन्हें अपन घर या आस पास लगाने और उसका संरक्षण करने का संकल्प भी लिया। डॉ चौधरी ने सभी को मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु सहजन को जीवन शैली में नियमित अपनाने का आह्वान किया।





