






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 फरवरी 2022। संगीतमय सुरों की सरीता में मंत्रमुग्ध होतो श्रोता, हवन, वैदिक मंत्रों के उच्चारणों के भक्ति की गंगा में लीन होते श्रृद्धालू, एकजुट समाज एवं उत्थान पर चर्चा। ऐसा ही दृश्य देखने को मिला तहसील के गांव डेलंवा में जहां पारीक समाज द्वारा आयोजित भगवान श्रीगणेश एवं पारीक समाज के आदिगुरू महर्षि पराशर की मूर्ति प्रतिष्ठा कार्यक्रम में। गांव के गिरधारीलाल मुकेश कुमार अमित कुमार पुरोहित आयोजन के मुख्य यजमान रहे। वैदिक मंत्रों के साथ हुए देवपूजन के बाद प्रतिमाओं को महास्नान करवाया गया और गांव के पारीक भवन से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में कलश धारण किए महिलाओं ने मंगलगीत गाए एवं भजनों पर युवतियों ने नृत्य भी किया। गांव की गलियों से निकली यात्रा का ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। यात्रा के समापन के बाद हवन व देवप्रतिष्ठा का कार्यक्रम पंडित कैलाश सारस्वत द्वारा करवाया गया। महाप्रसाद से समाप्त हुए आयोजन की पूर्व संध्या पर संगीतमय सुंदरकांड एवं भजन संध्या आयोजित की गई। जिसमें भी पंडित कैलाश सारस्वत ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ में ग्रामीण भी शामिल हुए। आयोजन के दौरान गांव का पारीक समाज एकजुट दिखा एवं श्रीडूंगरगढ़ सहित आस पास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रृद्धालू शामिल हुए। इस मौके पर समाज उत्थान पर चर्चा भी हुई।









