






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अप्रैल 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सबसे बड़े मंदिर पूनरासर हनुमानजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पर दो दिवसीय मेला शुक्रवार से प्रारंभ हो गया है। शुक्रवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में उमड़ पड़े है एवं सभी चूरमे का प्रसाद चढ़ा कर अपनी मन्नतों को पूरा करने की अरदास बाबा से कर रहें है। मंदिर श्री पूनरासर हनुमानजी पूजारी ट्रस्ट के महावीर बोथरा ने बताया कि मंदिर प्रांगण स्थित धर्मशाला सहित पुजारी धर्मशाला श्रद्धालुओं के लिए खोल दी गई है एवं भोजनालय का भी सतत संचालन किया जा रहा है। मंदिर में पहुंचने वाले श्रृद्धालुओं को बाबा के भोग लगाने के लिए भंडारे से निःशुल्क आटा, शक्कर एवं घी प्रदान किया जा रहा है और श्रृद्धालु चूरमा बना कर बाबा को भोग लगा रहें है। मुख्य मेला शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के दिन होगा एवं शनिवार सुबह 4 बजे पुजारी विजयराज बोथरा द्वारा महाज्योत की जाएगी। इससे पहले बाबा की प्रतिमा को गंगाजल एवं पंचामृत से स्नान करवाया जाएगा एवं स्नान के बाद 3 किलो सोने से बाबा का स्वर्ण श्रृंगार किया जाएगा। 3 किलो सोने से बना बाबा की प्रतिमा का स्वर्णकवच बैंक से निकलवा लिया गया है एवं कड़ी सुरक्षा में रखवाया गया है। बाद में दिन भर इसी गंगाजल व पंचामृत को चरणामृत के रूप में वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर प्रांगण में व्यवस्थाएं भी शेरुणा पुलिस द्वारा चाक चौबंद कर दी गयी है।
अखंड सुदंरकांड पाठ में शामिल हो रहे है श्रृद्धालु।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हनुमान जन्मोत्सव मेले में बाबा के दरबार में पहुंचने वाले श्रृद्धालु उत्साह के साथ मंदिर प्रांगण में चल रहे अंखड सुदंरकांड के पाठ में शामिल हो रहे है। वर्ष 2001 के भादवा मेले से शुरू इस अखंड पाठ को आगामी अगस्त में होने वाले भादवा मेले में 21 वर्ष पूर्ण हो जाएंगे। पूजारी ट्रस्ट के महावीर बोथरा ने बताया कि विश्व शांति की कामना के साथ चल रहे इस सुदंरकांड में दिन रात लगातार पाठ चल रहा है एवं इसके लिए विभिन्न समूह अपनी सेवाएं दे रहे है। मेले में पहुंचने वाले श्रृद्धालु भी इस पावन पाठ स्थल पर बैठ कर बाबा का जाप कर रहे है।








