






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 मार्च 2026। गुरूवार को विधानसभा में भारी हंगामे के बीच खेजड़ी पर बहस हुई और सरकार ने खेजड़ी पर अलग से बिल लाने की बात कही। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने खेजड़ी काटने पर सख्त सजा हो, इसलिए अलग से बिल लाए जाने की बात कही। वहीं रात ही अंधेरा ढलने के साथ ही गांव तोलियासर की दक्षिणी रोही में खेजड़ी के पेड़ पर आरी चली। यहां 25 पेड़ काट डाले और रात ही ग्रामीणों ने पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। शुक्रवार सुबह सरपंच प्रतिनिधि गिरधारीसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए व खेजड़ी काटे जाने का विरोध जताया। वन विभाग के सहायक वन सरंक्षक सत्यपालसिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए है। वहीं श्रीजंभेश्वर पर्यावरण एंव जीवरक्षा प्रदेश संस्था के तहसील अध्यक्ष शिवकैलाश धारणियां सहित श्रवणसिंह राजपुरोहित, मांगीलाल, लूणाराम राजपुरोहित ने विरोध करते हुए वन सरंक्षक को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिससे क्षेत्र में खेजड़ी कटाई पर रोक लग सकें। वन संरक्षक सत्यपालसिंह ने बताया कि गांव की खसरा 505 जो कि गैर मुमकिन कुंआ के नाम से दर्ज है व खसरा नबंर 506 जो कि खातेदारी भूमि दर्ज है, पर खेजड़ी के पेड़ काटे गए है। कटे हुए पेड़ों के 13 कटी हुई, 5 तने सहित कटी हुई, वहीं कुल करीब 33 पेड़ों का कटान पाया गया टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है।





