






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 26 मार्च 2026। क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों को मजबूत करते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की विभिन्न शाखाओं द्वारा सीएसआर योजना के तहत कई महत्वपूर्ण जनहित कार्य किए गए हैं। पूनरासर शाखा प्रबंधक राकेश ओला के नेतृत्व में आंगनबाड़ी पूनरासर व बिंझासर में रेनोवेशन कार्य करवाया गया। साथ ही बिंझासर के घोड़ो वाला तालाब एवं तेड़ाना ताल (रामसरा) में शौचालयों का निर्माण कराया गया। बच्चों के लिए टेबल-कुर्सी और अलमारी भी उपलब्ध करवाई गई। इसके अतिरिक्त पूनरासर राजकीय अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लेबर टेबल, बेबी वार्मर, सक्शन मशीन, एग्जामिनेशन टेबल, साइड स्क्रीन, अलमारी, वाटर कूलर, पेशेंट चेयर सहित अन्य आवश्यक उपकरण भेंट किए गए।
वहीं ऊपनी शाखा प्रबंधक कपिल मीणा द्वारा राजकीय विद्यालय उपनी में शौचालय निर्माण के साथ आंगनबाड़ी में रेनोवेशन कार्य कराया गया। यहां अलमारी, कुर्सियां, पंखे व अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई।
श्रीडूंगरगढ़ मुख्य शाखा के शाखा प्रबंधक गौतम कुमार द्वारा जैतासर राजकीय विद्यालय में शौचालय का निर्माण कराया गया। इसके साथ ही घुमचक्कर शाखा प्रबंधक दीपक कुमार द्वारा रूपादेवी क्षेत्र में भी सीएसआर योजना के अंतर्गत विभिन्न उपयोगी सामग्री दान की गई। एसबीआई की इस पहल से क्षेत्र के स्कूलों, आंगनबाड़ियों और अस्पतालों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे आमजन, विशेषकर बच्चों और मरीजों को सीधा लाभ मिल रहा है।




