






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जुलाई 2023। कस्बे से अपनी शिक्षिका के साथ गायब हुई नाबालिग छात्रा की बरामदगी के मामले में बुधवार को भी पूर्ण बन्द का आह्वान किया गया था। हालांकि अभी क्षेत्र के सभी बाजार तो बन्द है लेकिन अधिकांश निजी स्कूलें आज खुली है। वहीं दूसरी और धरना स्थल पर दिन चढ़ने के साथ ही लोगो की संख्या में इजाफा होने लगा है। यहां पर आज अर्जुनराम मेघवाल भी पहुंचेंगे और आंदोलन में शामिल होंगे। धरना स्थल पर से बुधवार सुबह आक्रोश रैली भी निकाली जाएगी और रैली के बाद महाआक्रोश सभा आयोजित की जाएगी। आज के दिन में बच्ची का सुराग नही लगा तो जिला बंद का आह्वान करते हुए आंदोलन को तेज किया जाएगा।
यह रहेगा मेघवाल का दौरा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। केंद्रीय कानून मंत्री एंव बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल बुधवार सुबह दिल्ली से बीकानेर पहुँचे है। वहां कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद मेघवाल नोरंगदेसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा स्थल पर जाएंगे। सभा की तैयारियों का जायजा लेने के बाद वहां से करीब 11 बजे बाद श्रीडूंगरगढ़ पहुँचेंगे। यहां वे धरना स्थल पर आंदोलन में शामिल होने के साथ साथ भाजपा कार्यकर्ताओं से भी रूबरू होंगे। स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष ओमप्रकाश कड़ेल ने यह जानकारी देते हुए ज्यादा से ज्यादा संख्या में धरना स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया है।



