






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 अप्रेल 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में होलिका दहन के साथ ही शुरू हुआ आग का तांडव लगातार जारी है। यह मात्र संयोग ही हो सकता है लेकिन होली के बाद एक साथ तापमान में बढ़ोतरी के बाद सूखे खींप, पकी हुई फसलें थोड़े से घर्षण से ही आग पकड़ रहें है। शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन क्षेत्र में आगजनी की घटना हुई एवं इस घटना में गांव मोमासर के गरीब की आशियाना जल कर खाख हो गया। मोमासर हल्का पटवारी चंद्रशेखर ने बताया कि मोमासर में भादासर रोड पर वार्ड चार में सांवरमल पुत्र डूंगरराम मेघवाल का घर है। घर में बने झोंपडें में शुक्रवार करीब 12 बजे अचानक से आग लग गई। आग लगने के समय घर के सभी बड़े तो खेत गए हुए थे एवं घर पर केवल बच्चे ही थे। गांव की आबादी के मध्य होने के कारण आस पास के ग्रामीणों ने त्वरित सक्रिय होते हुए आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग ने माचे, बिस्तर, घरेलू सामान जला कर राख कर दिए एवं हादसे में तीन बड़ी भैंसें एवं एक छोटी भैंस बुरी तरह से झुलस गई। घर में खड़ी एक मोटरसाईकिल भी जल गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से अग्निकांड से पीड़ित सांवरमल को मुआवजा दिलवाने की मांग की है।







