May 20, 2026
1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 मई 2023। आज एक ओर जहां बींझासर के सरकारी स्कूल की एकता बाना ने क्षेत्र का मान बढाया वहीं गांव लिखमादेसर के सरकारी स्कूल के बच्चों ने छात्रवृत्ति परीक्षा में राज्य स्तरीय मेरिट में शानदार प्रदर्शन कर गांव में नाम रोशन किया है। सेरूणा में नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण आंखो की जांच के लिए पहुंचे। यहां 185 मरीजों की जांच हुई व 16 को ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। तीसरी खबर राजस्थान शैक्षिक क्रांति विचार मंच श्रीडूंगरगढ़ की ओर से सरदारशहर के गांधी बाल मंदिर विद्यालय में सम्मान समारोह के आयोजन की है। आप सभी खबरें विस्तार से पढें व देखे सभी फोटो।

सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों का बेहतरीन प्रदर्शन, 7 विद्यार्थियों को मिलेगी चार साल प्रति वर्ष 12 हजार रूपए छात्रवृत्ति।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लिखमादेसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के होनहार विद्यार्थी बेहतरीन प्रदर्शन के साथ स्कूल का नाम रोशन कर रहें है। केन्द्र सरकार द्वारा ली जाने वाली एनएमएमएस परीक्षा में विद्यालय के 7 बच्चों ने चयन हासिल किया है। प्रधानाचार्य लक्ष्मीकांत वर्मा ने बताया कि नेशनल मेंस कम मेरिट स्कॉलरशिप की परीक्षा में पूजा सिद्ध राज्य स्तर मेरिट में 17 वां स्थान हासिल किया है। वहीं लोकेश पारीक ने 18वां स्थान, भावना पारीक ने 21वां स्थान, सुमन ज्याणी ने 26वां स्थान, वासुदेव सुथार ने 29वां स्थान, डाली नायक ने 42वां स्थान, रोमिका नायक ने 45वां स्थान प्राप्त किया है। इन सभी विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक प्रति वर्ष 12 हजार रूपए की छात्रवृत्ति केन्द्र सरकार द्वारा दी जाएगी। वर्मा ने बताया कि इस छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए बच्चों को स्कूल के स्टाफ ने तैयारी करवाई और फार्म भरकर परीक्षा भी दिलवाई। इन बच्चों के चयन से स्टाफ उत्साहित है और परिजनों में भी हर्ष का माहौल है। उपप्राचार्य सुरेश कुमार, रामरतन हुड्डा, छोटेलाल, अंजुला, अनिता, राजपति, सरिता, धनेश कुमार, यशपाल सिंह, सतवीर, युधिष्ठर मेघवाल, जीवनराम, आशाराम, किशनाराम ने बच्चों को शुभकामनाएं दी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लिखमादेसर से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, 7 बच्चों का हुआ चयन।

सेरूणा में शिविर, 185 रोगियों की नेत्र जांच, 16 के होंगे ऑपरेशन, सरपंच ने जताया आभार।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव सेरूणा में जिला अंधता निवारण समिति द्वारा निर्मला बोथरा एवं रोटरी क्लब बीकानेर के सहयोग से नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आचार्य श्रीनानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय गंगाशहर की मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं दी व 185 रोगियों की जांच की। यहां 16 ऑपरेशन योग्य रोगियों को संस्था वाहन द्वारा ले जाया गया जहां कल सभी भर्ती मरीजों का ऑपरेशन डॉ आशीष जोशी द्वारा किया जाएगा। चिकित्सा शिविर में एडवोकेट भरतसिंह, इमानमल डागा, रणवीर सिंह, वार्ड पंच मांगीलाल भादू, चिमनाराम मेघवाल, बलवीर सिंह, मुकेश डागा, ओंकारनाथ, सीताराम गोदारा, विजय सिंह सहित ग्रामीण युवाओं ने अपनी सेवाएं दी। सरपंच मंजू कंवर ने रोटरी क्लब, निमर्ला बोथरा, नानेश नेत्र चिकित्सालय ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन कर आमजन को राहत देने की बात कही।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिविर में जांच करवाने उमड़े ग्रामीण, 185 की हुई जांच, 16 का होगा ऑपरेशन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बड़ी संख्या में शिविर में ग्रामीणों ने नेत्र जांच करवाई।

स्कूल, शिक्षक, विद्यार्थियों का सम्मान, मंच के कार्यों की सराहना।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान शैक्षिक क्रांति विचार मंच श्रीडूंगरगढ़ की ओर से सरदारशहर के गांधी बाल मंदिर विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मंच के संयोजक डॉ राधाकिशन सोनी ने कार्यक्रम का परिचय दिया और समारोह में मुख्य अतिथि शिक्षाविद् व साहित्यकार छगनलाल सेवदा ने कहा कि विद्यालय में केवल शिक्षा ही नहीं दी जाती अपितु विद्यालय मानवीय मूल्यों का संवाहक होता है। विद्यालय अनुशासन, नैतिकता, आज्ञाकारिता आदि का पर्याय है। इस दौरान गांधी बाल मंदिर विद्यालय को अणची देवी धर्मपत्नी भंवरलाल भामा स्मृति आदर्श विद्यालय सम्मान दिया गया व सम्मान विद्यालय के महावीरप्रसाद उपाध्याय व प्रधानाध्यापक शंकरलाल ने ग्रहण किया। श्रेष्ठ अध्यापन के लिए शाला के शिक्षक सुमन लता, प्रियंका उपाध्याय, गंगाराम चौधरी, अंकिता सोनी, डिम्पल सोनी, कुसुम सैनी, मोनिका सैनी, मीनू प्रजापत को इमी देवी धर्मपत्नी मालचंद भामा स्मृति सम्मान दिया गया। शाला के 37 विद्यार्थी जिनका शिक्षा, समाज सेवा, सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा को रुकमा देवी धर्मपत्नी कानीराम भामा प्रतिभा सम्मान दिया गया। समारोह में मुरलीधर शर्मा, राजेश कुमार धरेन्द्र, रामेश्वरलाल प्रजापत, बजरंगलाल सोनी, महावीर प्रसाद उपाध्याय, समारोह अध्यक्ष चंचल सोनी ने मंच के कार्यों की सराहना करते हुए प्ररेणीय बताया। समारोह में महेंद्र जांगिड़, ओमप्रकाश सोनी, राहुल सोनी, भवानी भामा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंच ने किया प्रतिभावान विद्याथि्रयों को सम्मानित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रेष्ठ योगदान के लिए शिक्षकों को सम्मानित किया गया।