






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जनवरी 2025। सरकारी खरीद नहीं होने से परेशान किसानों ने करीब डेढ़ घंटे बीदासर रोड जाम कर दी। यहां हजारों की संख्या में यात्री परेशान हुए। पुलिस ने किसानों से रोड खोलने का आग्रह किया तो किसानों ने किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए आग्रह को ठुकरा दिया। यहां किसान व पुलिस उलझते हुए भी नजर आए। वहीं मौके पर महिलाओं व यात्रियों को परेशान देखकर उनके आग्रह पर किसानों ने सर्वसम्मति से सड़क खाली करने का निर्णय लिया। यहां समिति उपाध्यक्ष माणकचंद सिहाग व सदस्य नत्थूनाथ मंडा ने बुधवार को समिति बैठक में एक ओर खरीद केंद्र खोले जाने व दोनों केंद्रो पर प्रतिदिन 100-100 से अधिक किसानों की मूंगफली तुलवाई करवाने का आश्वासन समिति द्वारा प्राप्त होने की बात कही। किसान सभा के मुकेश ज्याणी, नारायण गिल्ला, मामराज गोदारा व जेठाराम बाना ने आपसी सलाह कर यात्रियों की परेशानी को देखते रोड से हटने का निर्णय लिया। उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने भी मामले में सक्रियता दिखाते हुए मौके पर तहसीलदार कुलदीप मीणा को भेजा। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए खरीद को सुचारू करवाने की मांग की। किसानों ने कई दिनों से सड़क पर खड़े होने पर तुलवाई में नबंर नहीं आने की शिकायत की।




