May 21, 2026
00010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 सितम्बर 2023। क्षेत्र के खेतों में बिजली के लिए मचे हाहाकार के बीच अब किसानों की बारी की बिजली झूठ बोल कर काटने एवं अवैध तरीके से बिजली बेचने के आरोप भी सामने आ रहे है। इस मामले को लेकर विद्युत निगम में अंदरूनी खलबली भी मची हुई है एवं निगम के वितरण ने प्रसारण के अधिकारियों को पत्र देकर अपना विरोध दर्ज करवाया है एवं बिना किसी कारण के, झूठ बोल कर बिजली सप्लाई बंद करने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

यह है मामला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव रीड़ी में 132 केवी जीएसएस बना हुआ है एवं इस जीएसएस से निकलने वाले जाखासर 33केवी फीडर पर आए दिन सप्लाई में अनियमितता, बिना कारण के, बिना किसी एलडी मैसेज के, मनमर्जी से कटौती करने एवं इस फीडर की बिजली काट कर पैसे लेते हुए दूसरे किसानों को डबल सप्लाई देने के आरोप किसानों ने कई बार लगाए है। किसानों ने इसका विरोध भी कई बार किया एवं जीएसएस पर प्रदर्शन भी किया। इसी क्रम में इस जीएसएस से जाखासर फीडर की सप्लाई मंगलवार रात को 11.06 बजे बंद कर दी गई एवं रात 11.31 बजे तक दुबारा ट्राई तक नहीं दी गई। ऐसे में किसानों ने विद्युत निगम वितरण के कनिष्ठ अभियंता को सूचना दी एवं अपने आरोप दोहराए। इस पर कनिष्ठ अभियंता अविनाश बरबर ने 132केवी जीएसएस पर सम्पर्क किया तो निगम प्रसारण के कार्मिक प्रतापसिंह ने फोन पर 33केवी फीडर का तार रीड़ी-बाना रोड पर टूट कर नीचे गिरे होने की बात कही एवं सप्लाई देने पर जनहानि होने का खतरा बताते हुए सप्लाई बंद करने की जानकारी दी। लेकिन कनिष्ठ अभियंता द्वारा तकनीकी कर्मचारियों के साथ लाईन चैक की गई तो कोई तार टूटा हुआ कहीं पर नहीं मिला एवं ना ही किसी प्रकार का कोई फाल्ट मिला। ऐसे में रात 3.12 बजे जेईएन स्वंय 132केवी जीएसएस पर पहुंचें एवं जाखासर फीडर को शुरू करवाया। ऐसे में यह लाईन रात भर में 4 घंटे 12 मिनिट तक बाधित रखी गई। ऐसे में किसानों ने भी निगम के विरोध में खासा विरोध दर्ज करवाया।

निगम में अदंरूनी टकराव, प्रसारण की शिकायत की वितरण ने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रीड़ी 132केवी जीएसएस से आए दिन बिना किसी कारण के सप्लाई काट देने से किसानों में रोष व्याप्त रहने, निगम के वितरण अधिकारियों को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करने की स्थिति आ रही है। साथ ही निगम की छवि भी खराब हो रही है। मंगलवार रात को हुई घटना में निगम के अधिकारी स्वयं इन्वाल्व हुए एवं मामला सामने आ जाने के बाद वितरण कनिष्ठ अभियंता ने इस संबध में वितरण सहायक अभियंता को रिपोर्ट की है। इसके बाद सहायक अभियंता ऊपनी ने प्रसारण के सहायक अभियंता को पत्र दिया है और अपनी आपत्ति जताई है। इस पत्र में संबधित कार्मिक के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने व भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृति ना हो इसके लिए सख्त निर्देश देने को कहा है।