






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 फरवरी 2025। पूरे उपखंड के सबसे बड़े उपजिला अस्पताल में गत 11 सालों से फिजिशियन चिकित्सक का पद रिक्त है और जुलाई 2022 से स्त्री रोग विशेषज्ञ का भी पद रिक्त है। एक ओर जहां गंभीर, कठिन और असामान्य चिकित्सा समस्याओं में रोगियों को फिजिशियन की जरूरत है वहीं आधी आबादी महिला वर्ग स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं होने से बुरी तरह से पीड़ित है। क्षेत्र के सबसे बड़े उपजिला अस्पताल में रोगियों को ये मूलभूत चिकित्सकीय सेवाएं भी नहीं मिल पा रही है। कस्बे सहित आस पास ग्रामीण इलाकों के हजारों मरीजों को ईलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों की शरण लेनी पड़ रही है या बीकानेर जाने आने में अपने धन, श्रम व अनावश्यक समय का भार झेलना पड़ रहा है। ऐसे में गत दिनों मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ के दौरे के दौरान अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी ने भी यहां फिजिशियन व स्त्री रोग विशेषज्ञ को नियुक्त करने की मांग रखी। सोमवार को वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता तुलसीराम चौरड़िया ने एक बार फिर बीकानेर से फिजिशियन व स्त्री रोग विशेषज्ञ की अनिवार्य सेवाएं यहां दिए जाने की वैकल्पिक व्यवस्था करवाने की मांग जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बीकानेर से की है। चौरड़िया ने ज्ञापन देते हुए बताया कि मरीजों को खासी दिक्कतें हो रही है तथा तुरंत दोनों पदों पर नियुक्ति दी जाए। अधिकारी ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। बता देवें कस्बे की अनेक महिलाओं ने स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाएं यहां नहीं होने से झेली पीड़ा व भारी परेशानी के अनुभव भी टाइम्स के साथ साझा किए है। विभिन्न संगठन भी इन मांगो को दोहरा रहें है और क्षेत्र की जनता इस 11 वर्ष व ढाई वर्ष के वनवास के पूरे होने से मिलने वाली राहत की आस लगातार लगा रखी है।




