May 20, 2026
008

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 मई 2023। दहेज के लिए तंग परेशान करने पर एक विवाहिता अपने पिता के घर आ गई और यहां से पति सहित ससुराल वालों ने अपहरण का प्रयास किया। पीड़िता ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया है। 24 वर्षीय रूपादेवी पत्नी राकेश, पुत्री उमानाराम जाट निवासी चाड़वास छापर, हाल इंदपालसर सांखलान ने अपने पति सहित ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। रूपादेवी ने पुलिस को बताया कि 7 मई को उसका पति राकेश, पति के भाई ओमप्रकाश व शैतानाराम, ससुर प्रह्लादराम पुत्र पेमाराम, ससुर का भाई सुरजाराम जाट निवासी चाहडवास, छापर सहित प्रह्लाद निवासी गुलेरिया व अन्य 15-20 लोग जबरदस्ती उसके पिता की ढाणी में घुसे और जबरदस्ती उसे अपनी गाड़ी में डालकर रवाना होने लगे। पीड़िता के शोर मचाने पर उसके पिता उमानाराम, माँ भगवानी, बहिन पप्पूदेवी, खेत पडौसी राजूराम, सीताराम, मुकेश, गिरधारीलाल जाट आए। आरोपियों ने पीड़िता सहित पिता व भाई के साथ मारपीट की व पीड़िता की लज्जा भंग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।