May 20, 2026
05d349f1-27c6-4087-ba0c-fe6a18a1be48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 जनवरी 2021। श्रीडूंगरगढ़ में जान से मारने की नियत से खुद की ढाणी में बनाई हथकड़ शराब में जहर मिला कर एक जने को मारने का प्रयास गांव के ही युवक ने किया। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि गांव पुन्दलसर निवासी कानाराम पुत्र मालाराम मेघवाल ने मुकदमा दर्ज करवा पुलिस को बताया कि 26 जनवरी को उसका भाई श्रवणराम मेघवाल मजदूरी से घर लौट रहा था तभी उसे प्रभुसिंह पुत्र पृथ्वीसिंह मिल गया व अपनी ढाणी ले गया। वहां ले जाकर आरोपी ने अपनी हथकड़ शराब श्रवणराम को पिलाई व उसने स्वयं पीने से मना कर दिया। दोनों गांव की ओर लौट रहे थे आरोपी ने श्रवणराम को और शराब पिलाई। श्रवणराम ने कहा कि मुझे चक्कर आ रहे है तो आरोपी ने कहा कि मैंने तुझे शराब में जहर मिला कर पिलाया है और धक्का मार कर भाग गया। श्रवणराम रास्ते में ही बेहोश हो गया व गांव बजरंगलाल व तुलाराम मेघवाल मौके पर पहुंचे और श्रवणराम को उठाकर घर लाए। श्रवणराम के मुंह से झाग निकलते देख परिजन उसे राजकीय अस्पताल लेकर आए व यहां से उसे बीकानेर रैफर कर दिया गया। बीकानेर चिकित्सकों द्वारा शराब में जहर की पुष्टि करने के बाद भाई ने मुकदमा दर्ज करवाया और जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ दिनेश कुमार को सौंपी गई है।